फर्रुखाबाद में घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली…
घायल हायर सेंटर रेफर, जांच में जुटी पुलिस…
1 months ago
Written By: शिव किशोर सिंह
फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के नगला गोदाम गांव में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब चोरों से बचाव के लिए जाग रहे ग्रामीणों में से एक युवक अचानक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले लोहिया अस्पताल और फिर हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
चौपाल से घर लौटते वक्त चली गोली
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 19 वर्षीय अमलेश कुमार शुक्रवार देर रात चौपाल से उठकर घर लौट रहे थे। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर अचानक गोली चल गई, जो उनकी आंख के पास जा लगी। गोली लगते ही अमलेश सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। जिसके बाद गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को पहले कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, वहां से लोहिया अस्पताल और फिर गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
चोरों की वजह से ग्रामीण रातभर थे चौकन्ने
वहीं गांव में बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं की आशंका के चलते ग्रामीण रात-रातभर जागकर चौपाल पर निगरानी कर रहे थे। शुक्रवार रात भी लोग पहरा दे रहे थे। रात करीब 1:30 बजे यह घटना हुई। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 8 बजे संदिग्ध बदमाशों को गांव के पास देखा गया था। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही वे भाग निकले थे। शक जताया जा रहा है कि वही लोग देर रात लौटे और अमलेश को गोली मार दी।
पुलिस जांच में जुटी
वहीं घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि गोली कहां से चली और किसने मारी, इसका पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष तरुण भदौरिया ने बताया कि युवक को गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक और स्थानीय टीमों को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।