पियरका गमछा लगाकर SP ऑफिस गए थे OP राजभर के कार्यकर्त्ता,
भड़की महिला सिपाही ने बरसाए थप्पड़..!
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बुधवार दोपहर एक अनोखा तमाशा देखने को मिला, जब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के एक कार्यकर्ता को महिला पुलिसकर्मी ने बीच ऑफिस में ही थप्पड़ जड़ दिए। यह पूरा वाकया एसपी कार्यालय में उस समय हुआ, जब सुभासपा कार्यकर्ता महाराजा सुहेलदेव पर AIMIM नेता शौकत अली की टिप्पणी का विरोध दर्ज कराने ज्ञापन देने पहुंचे थे।
कैसे भड़की महिला सिपाही जानकारी के मुताबिक, एसपी की गैरमौजूदगी में कार्यकर्ता सीओ को ज्ञापन देने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने कथित तौर पर महिला सिपाही को धक्का दे दिया। आरोप है कि धक्का लगते ही महिला सिपाही आग-बबूला हो गई और उसने कार्यकर्ता को लगातार कई थप्पड़ जड़ दिए, साथ ही गालियां भी दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों की कहानी वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि कार्यकर्ता जल्दबाजी में ऑफिस के बरामदे में पहुंचना चाह रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह महिला सिपाही से टकरा गया। सिपाही को यह जानबूझकर किया गया धक्का लगा और उसने पलटकर थप्पड़ों की बरसात कर दी। बाद में दूसरे पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
जिलाध्यक्ष ने दी सफाई घटना पर सफाई देते हुए सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर ने कहा कि कार्यकर्ता ने जानबूझकर धक्का नहीं दिया था। वह महिला सिपाही और एक अन्य व्यक्ति के बीच से निकल रहा था, इसी दौरान हल्का सा टकराव हो गया। इसे उन्होंने ‘गलतफहमी में हुआ विवाद’ बताया।
सोशल मीडिया पर चर्चा इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में महिला सिपाही को जोर-जोर से चिल्लाते और कार्यकर्ता को थप्पड़ मारते देखा जा सकता है। इस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।