BJP विधायक केतकी सिंह को सपा ने भेजा नोटिस,
पांच करोड़ का हर्जाना या बिना शर्त माफी की मांग
3 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बलिया जिले की बांसडीह सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक केतकी सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उनके हालिया बयान को लेकर उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है और 5 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी एक मुताबिक सपा की अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील कृष्ण कन्हैया पाल की ओर से भाजपा विद्यायक केतकी सिंह को एक नोटिस भेजा गया है। जिसमें कहा गया है कि 3 सितंबर 2025 को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केतकी सिंह ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ "अपमानजनक टिप्पणी" की थी।
15 दिन में मांगी माफी, वरना मानहानि का केस
नोटिस में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि भाजपा विधायक केतकी सिंह 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक तौर पर और लिखित में बिना शर्त माफी नहीं मांगती हैं, तो उनके खिलाफ दीवानी और आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। साथ ही उनसे 5 करोड़ रुपये का हर्जाना भी वसूला जाएगा।
बयानबाजी के बाद क़ानूनी जंग तेज
यह नोटिस ऐसे समय में आया है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी को लेकर कानूनी जंग तेज हो चुकी है। विभिन्न दलों के नेता एक-दूसरे के बयानों पर अब कानूनी हथियार का इस्तेमाल करने लगे हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा विधायक केतकी सिंह इस कानूनी नोटिस पर क्या रुख अपनाती हैं- माफी मांगेंगी या कानूनी लड़ाई के लिए तैयार होंगी।