धर्म परिवर्तन करके सलमान से बना संतोष,
नाराज हमलवारों ने सरेराह मारी गोली
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक धर्म परिवर्तन का मामला हिंसा में बदल गया। मुस्लिम युवक सलमान, जिसने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम संतोष रख लिया था, उस पर बाइक सवार आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। गोलीबारी में सलमान उर्फ संतोष के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हाईवे पर पीछा और फायरिंग मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना अलिगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र के तालसपुर हाईवे पुल के नीचे हुई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सलमान पर गोलियां चलाईं। जिस दौरान एक गोली उसके हाथ में लगी, जिसके बाद वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। बताया जाता है कि आरोपियों ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया, लेकिन लोगों की भीड़ जमा होते ही वे फरार हो गए।
धर्म परिवर्तन से नाराज थे रिश्तेदार वहीं घायल युवक ने पुलिस को बताया कि उसके धर्म परिवर्तन से उसके रिश्तेदार फरीद, मुस्तफा, मुजाहिद और आमिर ठेकेदार नाराज थे। इनसे पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। सलमान का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उन्होंने ही उसके ऊपर हमला कराया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना रोरावर के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि, युवक को गोली लगी है और मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।