रायबरेली में प्रियंका गांधी पर बरसीं बीजेपी विधायक अदिति सिंह,
बोलीं— “फेमस हैं तो कभी चक्कर भी मार लिया करें”
7 days ago
Written By: Aniket Prajapati
उत्तर प्रदेश की राजनीति इन दिनों गर्म है। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले रायबरेली से बीजेपी विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर बड़ा हमला बोला है। अदिति सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि प्रियंका गांधी साल भर में एक बार या सिर्फ चुनाव के दौरान रायबरेली आती हैं, जबकि अगर उन्हें वाकई यहां की “दीदी” माना जाता है, तो उन्हें जनता के बीच नियमित रूप से आना चाहिए।
"फेमस हैं तो कभी चक्कर भी मार लिया करें" — अदिति सिंह
रायबरेली सदर सीट से विधायक अदिति सिंह ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में यह बयान दिया। इंटरव्यू के दौरान जब पत्रकार ने कहा कि प्रियंका गांधी भी रायबरेली में दीदी के नाम से जानी जाती हैं, तो अदिति सिंह तुरंत बोलीं “अगर फेमस हैं तो कभी चक्कर भी मार लिया करें… या सिर्फ चुनाव के समय ही आएंगी?” उनका कहना था कि रायबरेली की जनता से जुड़ने के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है, लेकिन प्रियंका गांधी यहां बहुत कम दिखाई देती हैं।
"साल में एक बार आने से जनता का भरोसा नहीं जीत पाएंगी"
अदिति सिंह ने आगे कहा कि जनता का भरोसा तब मिलता है जब नेता पूरे साल क्षेत्र में मौजूद रहे, समस्याओं को समझें और समाधान करें। उनके अनुसार “साल भर में एक बार आने का क्या मतलब? जनता के बीच शुरुआत से बने रहना पड़ता है, तभी सपोर्ट मिलता है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रायबरेली में कमजोर होना भी इसी वजह से है, लोगों के बीच मजबूत पकड़ नहीं बन पा रही है।
अदिति सिंह का कांग्रेस से रिश्ता और राजनीतिक सफर
अदिति सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रहीं और रायबरेली में “पहचान वाले चेहरे” के रूप में उभरीं। उनके पिता अखिलेश सिंह पांच बार के विधायक और क्षेत्र में दबंग व प्रभावशाली नेता माने जाते थे हालांकि, 2003 में कांग्रेस ने अखिलेश सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया था, लेकिन 2016 में अदिति सिंह ने कांग्रेस जॉइन कर ली। बाद में 2022 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया।
रायबरेली की राजनीति में बढ़ी गर्मी
अदिति सिंह के इस बयान ने रायबरेली की राजनीति को फिर से गरम कर दिया है। कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक वाले इस क्षेत्र में बीजेपी तेजी से अपने कदम जमा रही है। ऐसे में अदिति सिंह का यह तीखा हमला आने वाले चुनावों के संकेत भी देता है।