आगरा के फ्लैट में बैंक कर्मचारी की पत्नी का फंदे से लटका मिला शव, दरवाजे के बाहर रोता रहा बेटा,
मायके वालों ने पति पर हत्या का लगाया आरोप
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: थाना सिकंदरा क्षेत्र के गणपति क्लासिक अपार्टमेंट में शुक्रवार को एक महिला का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान दीपा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बैंक कर्मचारी राहुल पुंडीर की पत्नी थी। शव की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने दीपा के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की असल वजह सामने आएगी। आइए जानतें हैं क्या है पूरा मामला।
शव फंदे से लटका मिला महिला का शव
दीपा की शादी वर्ष 2016 में राहुल पुंडीर से हुई थी। राहुल आरबीएल बैंक में कर्मचारी हैं और अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 210 में रहते हैं। दोनों का सात साल का बेटा नमन है। शुक्रवार सुबह बेटा स्कूल गया था। करीब 11:30 बजे वह घर लौटा तो फ्लैट का दरवाजा बंद मिला। बेटे ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इससे बच्चा वहां जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद उन्होंने अंदर देखा कि दीपा का शव फंदे से लटका हुआ था। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप
दोपहर करीब 2 बजे दीपा के मायके वालों को घटना की जानकारी मिली। वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि दिपा का पति राहुल का किसी दूसरी महिला से संबंध था। इस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। एक दिन पहले भी दीपा ने मायके में झगड़े की जानकारी दी थी। मायके वालों ने आरोप लगाते हुए कहा की यह आत्महत्या नहीं है। राहुल ने दीपा की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है। लेकिन मृतका के परिजनों के आरोपों के बाद जांच गंभीरता से की जा रही है। बता दें कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल राहुल पुंडीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है।