अखिलेश यादव ने बिहार एग्जिट पोल्स को बताया ‘फर्जी’,
कहा – जनता ने किया बदलाव के लिए ऐतिहासिक मतदान
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल्स में एनडीए को बहुमत मिलने का अनुमान जताए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने इन सर्वे एजेंसियों के अनुमानों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि ये एग्जिट पोल “भूमिका भर हैं”, ताकि चुनावी प्रक्रिया में बेईमानी की जा सके। अखिलेश ने दावा किया कि 14 नवंबर को वोटों की गिनती के बाद महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।
एग्जिट पोल्स को बताया बेईमानी का ज़रिया
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने इस बार बदलाव के लिए ऐतिहासिक वोटिंग की है। उन्होंने कहा, “ये एग्जिट पोल सिर्फ नैरेटिव सेट करने का हथियार हैं। यूपी के एग्जिट पोल्स में क्या दिखाया गया था? सब हमें हरा रहे थे, लेकिन नतीजे उलटे आए। भाजपा एग्जिट पोल और चैनलों का इस्तेमाल चुनाव चोरी के लिए करती है।”अखिलेश ने बताया कि फर्रुखाबाद और कन्नौज जैसी सीटों पर 2022 के चुनाव में प्रशासनिक स्तर पर गड़बड़ी की गई थी। उन्होंने महागठबंधन के सभी उम्मीदवारों को चेतावनी दी कि वे ईवीएम स्टोरेज की निगरानी रखें और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत आपत्ति दर्ज करें।
2024 के लोकसभा चुनावों का जिक्र
अखिलेश यादव ने खासतौर पर 2024 लोकसभा चुनावों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उस समय एग्जिट पोल्स में उत्तर प्रदेश की 80 में से 64 से 71 सीटें एनडीए को दी जा रही थीं, जबकि समाजवादी पार्टी को सिर्फ 7 से 9 सीटें। लेकिन जब नतीजे आए, तो सपा ने 37 सीटें जीत लीं और भाजपा 33 पर सिमट गई। उन्होंने कहा, “उस समय भी हमें हराने की कहानी गढ़ी गई थी, लेकिन जनता ने सच्चाई चुनी थी। इस बार बिहार में भी यही होगा। तेजस्वी यादव का नेतृत्व और रोजगार का एजेंडा जनता की उम्मीदों को मजबूत कर रहा है।”
बिहार के एग्जिट पोल्स में क्या है अनुमान
बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। मतदान के बाद आए एग्जिट पोल्स में एनडीए को 121 से 141 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि महागठबंधन को 98 से 118 सीटें। एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के अनुसार, युवा मतदाताओं (18 से 29 वर्ष) के बीच महागठबंधन को 7 से 9% की बढ़त है, जबकि 30 वर्ष से ऊपर की उम्र के वोटरों में एनडीए को बढ़त मिल रही है। अखिलेश ने इन आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा, “जिसका दाना, उसका गाना — मीडिया उन्हीं की बात दिखाती है जिनके इशारे पर चलती है।”