अलीगढ़ में सड़क पर नमाज पर रोक,
मौलाना अकबर कासमी ने धीरेंद्र शास्त्री पर बोला हमला
2 days ago
Written By: STATE DESK
Aligarh Eid-ul-Adha: अलीगढ़ में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। शाहजमाल स्थित बड़ी ईदगाह सहित ऊपरकोट जामा मस्जिद, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की मस्जिद और शहर की अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। ईदगाह पर भारी संख्या में नमाजियों की भीड़ देखी गई, जिसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए थे। वहीं, सड़क पर नामाज पर को रोक को देखेते हुए यहां दो शिफ्टों में नमाज पढ़ी गई।
दो शिफ्टों में नमाज
बताते चलें कि यहां प्रशासन की ओर से पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि, कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज नहीं पढ़ेगा, केवल ईदगाह के अंदर ही नमाज अदा की जाएगी। इसी के तहत व्यवस्था करते हुए नमाज को दो शिफ्टों में बांटा गया — पहली नमाज सुबह 6:45 पर और दूसरी 7:15 पर अदा की गई।
शहर के मुफ्ती अब्दुल हमीद ने नमाज अदा करवाई और नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के दौरान एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी मृगांक पाठक, सीओ सिटी समेत आरएएफ और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। ईदगाह परिसर और आस-पास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने जानकारी दी कि इससे पहले पीस कमेटी की बैठक की गई थी, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई थी। नगर निगम ने भी व्यापक स्तर पर साफ-सफाई और व्यवस्था सुनिश्चित की थी, जिसकी सराहना की गई। शासन और न्यायालय के निर्देशों के अनुसार ही नमाज शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
धीरेंद्र शास्त्री को मौलाना का करारा जवाब
ईद की नमाज के बाद, जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष मौलाना अकबर कासमी ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का दिमागी संतुलन बिगड़ गया लगता है। वह कुर्बानी के दिन ही विरोध करते हैं लेकिन गौ रक्षा के नाम पर मॉब लिंचिंग या पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को रोकने पर चुप रहते हैं।
मौलाना ने कहा, “जब ऊपरवाले ने खाने की इजाज़त दी है तो कोई भी शास्त्री हमें क्यों रोके? ये लोग नफरत फैलाना चाहते हैं और देश में हिंदू-मुस्लिम को लड़ाना चाहते हैं। लेकिन अब ना हिंदू उनके बहकावे में आएगा और ना मुसलमान। देश में इनकी राजनीति खत्म हो चुकी है।"