अलीगढ़ में शादी समारोह में डांस को लेकर भिड़े दो पक्ष,
मारपीट में महिला और बच्चा समेत आधा दर्जन घायल
5 hours ago
Written By: संदीप शुक्ला
अलीगढ़ जिले के देहलीगेट थाना क्षेत्र के खैर रोड स्थित सांवरिया लॉज में रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि को हुए एक शादी समारोह में डीजे पर डांस कर रहे बच्चे को धक्का लग जाने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि लड़का और लड़की पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें लड़की पक्ष से आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, शादी कार्यक्रम के दौरान लड़की पक्ष का एक बच्चा डीजे पर डांस कर रहा था। इसी दौरान लड़का पक्ष के कुछ लोगों ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गया। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के वालों की ओर से करीब दो दर्जन लोगों ने हमला बोल दिया। उन्होंने महिला और बच्चे समेत कई लोगों की बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मलखान सिंह भेजा गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
लड़की के भाई ने क्या कहा
घटना की जानकारी देते हुए लड़की के भाई राहुल पुत्र विनोद कुमार ने बताया कि, उसकी छोटी बहन की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उसका रिश्तेदार बच्चा डीजे पर डांस कर रहा था, तभी लड़का पक्ष के कुछ लोगों ने उसे धक्का दे दिया। जब इस पर विरोध किया गया, तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
तनाव का माहौल, समझौते की कोशिश
वहीं इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। हालांकि दोनों ओर से कुछ बड़े लोग मामले को शांत करने और आपसी समझौते की कोशिश में जुटे हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि झगड़े के चलते देर रात तक शादी का कार्यक्रम भी रोकना पड़ा।
पुलिस की कार्रवाई
वहीं पुलिस ने घायलों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और घायलों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर नजर बनाए हुए है।