रात को हुई शादी, सुबह उजड़ गया सुहाग…
निकाह के कुछ घंटे बाद दूल्हे की मौत से मचा हड़कंप
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां शादी के कुछ ही घंटे बाद दूल्हे की मौत हो गई। शनिवार की रात जिस घर में शहनाई की गूंज थी, रविवार की सुबह वहीं मातम छा गया। 42 वर्षीय परवेज आलम की शादी अमरोहा के बड़ा दरबार इलाके की सायमा कादरी से हुई थी। निकाह के कुछ ही घंटे बाद परवेज को अचानक दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परवेज को मृत घोषित कर दिया। खुशियों के माहौल में मातम पसर गया और नई दुल्हन सायमा के हाथों की मेहंदी भी नहीं सूखी थी कि वह विधवा बन गई।
शादी के कुछ घंटे बाद आया मौत का साया जानकारी के मुताबिक, अमरोहा के नौगजा निवासी परवेज आलम की बारात शनिवार रात नई बस्ती के नायाब बैंक्वेट हॉल में गई थी। वहां बड़ी धूमधाम से उनका निकाह हुआ। परवेज आलम पूरे जोश में थे, बारात के दौरान उन्होंने नाच-गाना भी किया और दोस्तों-रिश्तेदारों संग जश्न मनाया। शादी के बाद जब वह अपनी दुल्हन सायमा को लेकर घर लौटे, तो परिवार में वलीमे की तैयारियां जोरों पर थीं। लेकिन इसी बीच परवेज की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम परिजनों के मुताबिक, परवेज को अचानक घबराहट महसूस हुई और फिर वह जमीन पर गिर पड़े। परिवार वालों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि परवेज की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में गम का माहौल है।
पहले ही खो चुके थे माता-पिता और भाई परवेज आलम के माता-पिता और एक बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। इसी कारण उनकी शादी में भी काफी देरी हो गई थी। परवेज अपने भाइयों के साथ नौगजा की जामा मस्जिद रोड पर रहते थे और किताबों की दुकान चलाते थे। परिवार में परवेज की शादी को लेकर सभी बहुत खुश थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
नई दुल्हन का टूटा सपना रविवार को परवेज का वलीमा होना था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। लेकिन कुछ ही घंटों में खुशियां मातम में बदल गईं। दुल्हन सायमा की हालत खराब है और वह बार-बार बेहोश हो रही है। शादी के बाद इतने कम समय में पति को खो देना पूरे परिवार के लिए असहनीय सदमा है।