घर में घुसकर पुलिस ने की मारपीट, महिला की टूटी रीढ़,
अमरोहा में दारोगा और कॉन्स्टेबल पर कार्रवाई
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में नौगावां सादात थाना क्षेत्र से पुलिस की बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किसान दंपती के घर में आधी रात को दारोगा और दो कॉन्स्टेबल घुस आए और पति-पत्नी के साथ मारपीट की। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। अदालत ने इस घटना को गंभीर मानते हुए आरोपी पुलिसकर्मी दारोगा रामनिवास, कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र और ममता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
घटना का विवरण यह घटना 1 फरवरी 2025 की है। किसान दंपती का आरोप है कि पुलिसकर्मी बिना किसी कारण उनके घर में घुस आए। जब पति-पत्नी ने आपत्ति जताई, तो पुलिस ने बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। महिला के गंभीर रूप से घायल होने की वजह से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने रीढ़ की हड्डी टूटने की पुष्टि की।
घटना के पीछे का कारण पीड़ित दंपती का आरोप है कि यह हमला पिछले साल से चल रहे विवाद से जुड़ा है। महिला ने नौगावां सादात थाने में कुछ लोगों के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन जब दंपती ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिस और न्याय व्यवस्था की प्रतिक्रिया किसान परिवार ने आरोप लगाया कि नौगावां सादात पुलिस आरोपियों के साथ मिली हुई थी। उल्टे किसान की पत्नी, पिता और भाई पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। किसान के पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके बावजूद अदालत ने दंपती की अग्रिम जमानत अर्जी पर विचार किया। बता दें कि जिला जज की अदालत ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त टिप्पणी की और तत्काल मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। यह फैसला पुलिस की बर्बरता और दमन की घटनाओं के खिलाफ एक मजबूत संदेश माना जा रहा है।