25 साल की लड़की चार जगह... अनिरुद्धाचार्य ने महिलाओं पर ऐसा क्या कह दिया कि मचा बवाल,
FIR की नौबत तक पहुंचा मामला
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मथुरा में प्रसिद्ध भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे धार्मिक मंच से महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। इस बयान पर समाज के अलग-अलग वर्गों में नाराजगी है, वहीं मथुरा बार एसोसिएशन की महिला वकील इस मुद्दे पर सड़कों पर उतर आई हैं। महिला वकीलों ने अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और FIR दर्ज करने की मांग की।
महिला वकीलों ने किया प्रदर्शन
मथुरा बार एसोसिएशन परिसर में महिला वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, अनिरुद्धाचार्य माफी मांगो, नारी शक्ति का अपमान बंद करो जैसे नारे लगाते हुए आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी धार्मिक मंच से इस तरह की टिप्पणी न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव भी समर्थन में उतरे
प्रदर्शन के दौरान मथुरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव भी मौजूद रहे। उन्होंने महिला अधिवक्ताओं का समर्थन करते हुए कहा कि धार्मिक मंचों का दुरुपयोग कर किसी वर्ग को अपमानित करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ऐसे बयान दोहराए न जा सकें।
कानूनी कार्रवाई की मांग
महिला वकीलों ने एसएसपी श्लोक कुमार को शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें मांग की गई कि अनिरुद्धाचार्य पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए मजबूर किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो शहर में अनिरुद्धाचार्य का पुतला दहन कर विरोध को और तेज किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में अनिरुद्धाचार्य का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे मंच से महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम लड़कियों को 25 साल में शादी कर के घर लाते हैं। तब तक बच्चियां चार जगह मुंह मार चुकी होती हैं। इसलिए हमें 16 साल से पहले ही लड़कियों की शादी कर देनी चाहिए। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं की बाढ़ आ गई। महिला संगठनों से लेकर सामाजिक कार्यकर्ता तक उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि भारतीय कानून के अनुसार, लड़कियों की शादी की कानूनी उम्र 18 और लड़कों की 21 होनी चाहिए। अब देखना यह है कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।