अयोध्या में रिटायर अमीन की गला रेतकर हत्या, खेत में ट्यूबवेल के पास मिला खून से सना शव,
जमीन विवाद की आशंका
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: रविवार सुबह अयोध्या के बारा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के 70 वर्षीय रिटायर अमीन कर्मराज यादव की नलकूप के पास गला रेतकर हत्या कर दी गई। वे रोज की तरह शनिवार रात खेत पर सोने गए थे। सुबह उनका खून से सना शव चारपाई पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
हत्या की सूचना से गांव में मचा कोहराम
कर्मराज यादव राजस्व विभाग से 2019 में अमीन पद से रिटायर हुए थे। वे रोज रात खाना खाकर खेत के ट्यूबवेल पर सोने जाते थे। शनिवार को भी वह रोज की तरह ट्युबवेल पर सेने के लिए गए हुए थे और अगले दिन रविवार सुबह जब एक नाबालिग बच्चा खेत में गया तो वहां उसने खून से लथपथ कर्मराज यादव का शव देखा और इसकी जानकारी गांववालों को दी। जानकारी मिलते ही थोड़ी देर में परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
धारदार हथियार से हमला, खून से सना था बिस्तर
मृतक के बेटे दिनेश यादव का कहना है कि पिता की हत्या धारदार हथियार से की गई। बिस्तर और पास की दीवारों पर खून के निशान थे। इससे पता चलता है कि कई बार हमला किया गया है। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। FIR में अरविंद कुमार, दीपक, कृष्णावती और एक अज्ञात का नाम है। बताया गया कि परिवार का 12 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस कर रही है जांच
SP ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जमीन विवाद और अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। पुलिस ने आसपास के खेतों और बागों में तलाशी ली। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों को इंसाफ की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।