अयोध्या में 10 करोड़ रुपए का निवेश..., दिवाली से पहले सीएम योगी का तोहफा,
जानें क्या है वो खास आकर्षण
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: अयोध्या में रामभक्तों के लिए एक नई और अनूठी आकर्षण स्थल जल्द ही खुलने जा रहा है। योगी सरकार ने रामनगरी में वैक्स म्यूजियम का निर्माण पूरा कर लिया है। दीपोत्सव से पहले ही इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इस म्यूजियम में भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान जी सहित कई पौराणिक और ऐतिहासिक पात्रों की झलक देखने को मिलेगी। सरकार का उद्देश्य है कि अयोध्या आने वाले भक्त आध्यात्मिकता के साथ-साथ सांस्कृतिक अनुभव का भी आनंद लें। म्यूजियम परिक्रमा मार्ग पर 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार किया गया है और यह पर्यटन को नया आयाम देगा।
रामायण की झलक और आधुनिक तकनीक का संगम
वैक्स म्यूजियम में रामायण के 50 से अधिक पात्रों की मूर्तियां रखी गई हैं, जिससे भक्तों को धार्मिक और ऐतिहासिक अनुभव मिलेगा। यह म्यूजियम मधुमक्खी के मोम से तैयार किया गया है और इसे आधुनिक तकनीकी के साथ सजाया गया है। पर्यटक और श्रद्धालु यहां आकर न केवल भगवान राम और उनके जीवन की झलक देख सकेंगे, बल्कि अयोध्या की संस्कृति और इतिहास का अनुभव भी करेंगे। म्यूजियम के खुलने से अयोध्या का पर्यटन स्तर भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा और यह धार्मिक नगरी को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने में मदद करेगा।
साधु-संतों और प्रशासन की सराहना
अयोध्या में वैक्स म्यूजियम की योजना को साधु-संतों ने भी सराहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल को आधुनिकता और संस्कृति का संतुलन बनाने वाला बताया। उनके अनुसार, भगवान राम के चरित्र को आधुनिक व्यवस्थाओं से सजाकर समाज के सामने प्रस्तुत करना आवश्यक है और यह पहल इसे साकार कर रही है।
म्यूजियम निर्माण और सुविधाएं
अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के सीईओ ज्ञानेश कुमार के अनुसार, यह म्यूजियम ‘पीपीपी मॉडल’ पर बनाया गया है और इसका निर्माण इस वर्ष पूरा हो चुका है। रामायण थीम पर आधारित म्यूजियम में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह वैक्स म्यूजियम अयोध्या के पर्यटन और धार्मिक महत्व को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।