आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम की बढ़ी मुश्किलें,
शस्त्र लाइसेंस रद्द, डीएम कोर्ट ने लिया बड़ा फैसला
1 months ago
Written By: STATE DESK
Azam Khan News: कोर्ट के एक फैसले के बाद सपा नेता आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. तजीन फातिमा और बेटे, पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार डीएम कोर्ट ने दोनों को सजायाफ्ता मानते हुए यह अहम फैसला सुनाया है। यह मामला वर्ष 2022 से विचाराधीन था, जिस पर अब निर्णय आ गया है। फिलहाल, दोनों जमानत पर बाहर हैं।
लाइसेंस पर चला कोर्ट का डंडा
मिली जानकारी के मुताबिक, तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम के पास 32 बोर की रिवॉल्वर का लाइसेंस था। जिसके बाद 2022 में पुलिस ने आजम खान परिवार के तीनों सदस्यों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति रिपोर्ट डीएम को भेजी थी। इसके बाद मामला कोर्ट में पहुंचा, जहां सुनवाई के बाद अब तजीन और अब्दुल्ला के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं।
आपराधिक रिकॉर्ड बना आधार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट ने सुनवाई के दौरान दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की और उन्हें सजायाफ्ता मानते हुए यह निर्णय दिया। डीएम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अब गंज कोतवाली पुलिस को उनके शस्त्र जमा कराने होंगे और इसकी रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी होगी।
पहले ही जेल में बंद हैं आजम खान
हालांकि इस समय सपा नेता आजम खान सीतापुर जेल में बंद हैं। उनकी पत्नी और बेटा जमानत पर हैं। इससे पहले 2019 में प्रशासन ने आजम खान के शस्त्र लाइसेंस भी रद्द कर दिए थे। हालांकि, उन्होंने हाई कोर्ट में चुनौती देकर कुछ राहत हासिल की थी।
कई मामलों में नामजद है आजम खान परिवार
मिली जानकारी के मुताबिक, आजम खान और उनके परिवार पर ज़मीन कब्जाने, धोखाधड़ी और सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग जैसे कई गंभीर आरोप हैं। इस कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी सख्ती माना जा रहा है। वहीं यह फैसला सपा नेता आजम खान और उनके परिवार के लिए एक और कानूनी झटका साबित हुआ है। अब देखना होगा कि वे इस आदेश को चुनौती देते हैं या इसे स्वीकार करते हैं।