बदायूं में पुजारी की हत्या का खुलासा, अवैध संबंध बना वजह,
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साईं मंदिर के पुजारी मनोज शंखधार की हत्या के दो दिनों बाद पुलिस ने घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है। यह हत्या 16 नवंबर की रात हुई थी, जिसने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण साफ नहीं था, लेकिन पुलिस ने सर्विलांस और पूछताछ के माध्यम से मामले की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि पुजारी की हत्या किसी लूट के लिए नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों की वजह से हुई थी।
पुलिस की चार टीमों ने मिलकर किया खुलासा घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के साईं मंदिर की है, जहां पुजारी मनोज शंखधार की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी मंदिर से दो मुकुट और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी ले गए, ताकि पुलिस भ्रमित हो जाए। मामले की गंभीरता देखते हुए एसएसपी ने सीओ सिटी के नेतृत्व में चार पुलिस टीमें लगाई थीं। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दो सगे भाइयों और उनके बहनोई को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध संबंध बना हत्या की असली वजह पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों का मनोज शंखधार से पुराना पारिवारिक विवाद था। उनकी बड़ी बहन की शादी मनोज के बड़े भाई से हुई थी, लेकिन बहन की मृत्यु के बाद उनकी छोटी बहन बहनोई के घर रहने लगी। इसी दौरान मनोज और छोटी बहन के बीच अवैध संबंध बन गए। परिवार ने इन संबंधों का विरोध किया और कई बार पंचायत भी हुई। इसके बावजूद मनोज शंखधार पीछे नहीं हटे। छोटी बहन ने भी मनोज का साथ दिया और अपने पति हिमांशु पर दहेज उत्पीड़न का केस तक कर दिया। बाद में समझौता हुआ, पर रिश्ता खत्म नहीं हुआ।
साजिश के तहत की गई हत्या, CCTV DVR भी ले गए आरोपियों ने बताया कि पुजारी के व्यवहार से परेशान होकर उन्होंने हत्या की योजना बनाई। 16 नवंबर की रात तीनों ने मिलकर मनोज का गला दबाकर हत्या कर दी। शक से बचने के लिए मंदिर से दो मुकुट और CCTV का DVR भी उठा ले गए, ताकि घटना लूट जैसी लगे। पुलिस की जांच और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस में पूरी साजिश उजागर हो गई। तीनों आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए हैं।