आग और धुएं के गुबार के बीच फंसे मजदूर,
5 की गई जान
2 months ago
Written By: STATE DESK
Bahraich rice mill blast: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक राइस मिल में धान सुखाते वक्त ड्रायर फटने से 5 मजदूरों की मौत हो गई, वहीं 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के वक्त लगभग 17 मजदूर मिल में काम कर रहे थे। तभी अचानक ड्रायर फटने से वहां चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद कुछ मजदूरों ने भागकर जान बचाई, तो कुछ आग और धुएं के गुबार के बीच फंस गए। घटना की सूचना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
धुएं में फंस कर बेहोश हुए लोग
बताया जा रहा है कि बहराइच में शुक्रवार की सुबह एक राइस मिल में लगभग 17 मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक मिल का ड्रायर फट गया। इसके बाद वहां आग लग गई, जिससे थोड़ी ही देर में पूरी मिल में धुआं भर गया। इसके चलते मजदूर बेहोश होकर इधर-उधर गिरने लगे। श्रावस्ती के रहने वाले एक मजदूर ने बताया, “हम लोग धान को सुखा रहे थे, तभी अचानक ड्रायर फट गया। इससे आग लग गई। हम लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान पूरे राइस मिल में धुआं भर गया। लोग बेहोश होकर गिरने लगे। यह देखकर मैं जान बचाकर वहां से भागा और आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद सभी को बाहर निकाला गया।”
5 की मौत, 3 इमरजेंसी में भर्ती
घटना के बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने 5 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कन्नौज निवासी गफ्फार अली (40), बबलू (28), राजनेश (35), श्रावस्ती निवासी हूर (50) और बिहार निवासी बिट्टू शाह (30) के रूप में हुई है।
जिला अस्पताल के CMS एम.एम. त्रिपाठी ने बताया, “फैक्ट्री में दम घुटने से बेहोश हुए 8 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था। इनमें से 5 लोग मृत थे। 3 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।” राइस मिल दरगाह थाना क्षेत्र के गुलाम अलीपुरा के रहने वाले विनोद की है। उन्होंने बताया कि सुखदेव, देवी प्रसाद और सुरेंद्र शुक्ला का इलाज मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में जारी है।
CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उनके कार्यालय के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से किए गए एक पोस्ट में लिखा गया है, “@myogiadityanath ने जनपद बहराइच में हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
यहां क्लिक कर पढ़िए CM योगी का पोस्ट...