यूपी में 70 हजार जगहों पर नमाज अदा, ड्रोन से निगरानी, चंदौली में कार पर हमला,
पुलिस ने कहा- सड़क पर कुर्बानी दी तो होगी सख्त कार्रवाई
2 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आज बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पर्व शांति और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया जा रहा है। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत कई शहरों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। कानपुर की मरकजी ईदगाह में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने पहुंचकर लोगों को बधाई दी और हालचाल लिया। कुल मिलाकर प्रदेश भर में लगभग 30 हजार मस्जिदों और 40 हजार ईदगाहों में नमाज पढ़ी गई।
चंदौली में नमाजियों की कार पर हमला
बता दें कि कुछ जगहों पर मामूली विवाद भी हुआ। चंदौली में नमाज पढ़ने आए लोगों की कार के शीशे टूटने पर बवाल मच गया। नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। कोतवाल संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं संभल, जालौन, फर्रुखाबाद और मेरठ जैसे जिलों में पुलिस की मौजूदगी के बीच नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। मेरठ में 164 ईदगाहों और 515 मस्जिदों में नमाज पढ़ी गई। भीड़ अधिक होने पर कुछ लोगों को वैकल्पिक जगहों पर भेजा गया।
सीएम योगी ने बकरीद से पहले की कानून व्यवस्था की समीक्षा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पर्व से पहले कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने निर्देश दिए थे कि कुर्बानी केवल तय स्थलों पर ही होनी चाहिए। गाय, नीलगाय और ऊंट जैसे प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं दी जाए। किसी भी सूरत में सड़कों पर नमाज न हो और अगर कहीं विवाद की स्थिति बने तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करे। मुख्यमंत्री कार्यालय और प्रमुख नेताओं ने भी लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। मायावती और अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लोगों को बधाई दी।
जिला प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुआ बकरीद का पर्व
वाराणसी, सुल्तानपुर और फर्रुखाबाद में जिला प्रशासन की निगरानी में नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। सुल्तानपुर के शहर काजी मौलाना अब्दुल लतीफ की अगुवाई में हजारों लोगों ने नमाज अदा की और देश की सलामती, तरक्की और भाईचारे की दुआ की। सुरक्षा के लिए सेक्टर प्लान तैयार किया गया था और हर संवेदनशील इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया था।
बरेली में शहाबुद्दीन रजवी की अपील
बरेली में इंडिया मुस्लिम जमात के प्रमुख शहाबुद्दीन रजवी ने मौलानाओं से अपील की थी कि बकरीद पर आतंकवाद के खिलाफ तकरीर की जाए। प्रशासन ने साफ किया कि हर जिले में कुर्बानी के लिए चिन्हित स्थल तय हैं और उन पर ही कुर्बानी की इजाजत है। उत्तर प्रदेश में कुल मिलाकर बकरीद का पर्व सौहार्द, अमन और पूरी सुरक्षा के साथ संपन्न हुआ।