बकरीद पर यूपी पुलिस का सख्त प्लान: न खुले में कुर्बानी न सड़क पर नमाज,
मेरठ समेत पूरे प्रदेश में चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
3 days ago
Written By: STATE DESK
बकरीद का त्योहार इस बार 17 जून 2025 को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर उत्तर प्रदेश में प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और तैयार है। मेरठ में भी पुलिस और प्रशासन की तैयारियों को लेकर उच्च स्तर की समीक्षा की गई है। एसएसपी विपिन ताडा ने खुद मीडिया को तैयारियों की जानकारी दी है। इस दौरान उन्होंने खुले में कुर्बानी या नामज को लेकर शख्त हिदायत भी दी है।
मेरठ में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
एसएसपी विपिन ताडा ने कहा है कि, बकरीद के मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। हर संवेदनशील स्थान पर पुलिस की पैनी नजर होगी। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ा दी गई है और अफवाह फैलाने वालों पर साइबर टीम की नजर बनी हुई है।
खुले में कुर्बानी और सड़क पर नमाज पर रोक
एसएसपी ने साफ किया है कि, इस बार खुले में कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही सड़क पर नमाज पढ़ने की इजाजत भी नहीं होगी। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को पहले से दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। त्योहार के दौरान पीएसी, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस और एलआईयू की टीमें भी एक्टिव रहेंगी।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने भी दिए अहम निर्देश
उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने बकरीद को लेकर पूरे प्रदेश के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। सभी थानों को त्योहार रजिस्टर की गहन समीक्षा करने का आदेश दिया गया है ताकि पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही त्योहार मनाया जाए।
प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर रोक
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर सख्त रोक रहेगी। इसके साथ ही कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेषों के निपटान के लिए नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
शांति और सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं और अफवाहों से दूर रहें। किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।