बरेली हिंसा में तौकीर रजा के दामाद मोहसिन रजा अरेस्ट,
रिजॉर्ट सील और बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बरेली में जुमे की नमाज के बाद भड़की हिंसा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में आईएमसी नेता मौलाना तौकीर रजा पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब उनके दामाद मोहसिन रजा पर भी शिकंजा कस दिया गया है। नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ उनके घर पहुंची और अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई। वहीं, मोहसिन रजा को भी हिरासत में ले लिया गया और उनका मैरिज लॉन सील कर दिया गया।
जुमे की नमाज के बाद भड़की थी हिंसा 26 सितंबर को ‘आई लव मुहम्मद’ विवाद के बीच जुमे की नमाज के बाद भीड़ बेकाबू हो गई थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया और गोलीबारी की घटनाएं हुईं। इसमें 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। जांच में तौकीर रजा, उनके करीबी नदीम और डॉ. नफीस को हिंसा का मास्टरमाइंड बताया गया।
मोहसिन रजा पर कार्रवाई सोमवार को पुलिस ने तौकीर रजा के दामाद मोहसिन रजा को गिरफ्तार कर लिया। उनका रिसॉर्ट सील किया गया और घर पर अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर पर बुलडोजर चलाया गया। नगर निगम की टीम का कहना है कि इस सेंटर के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। कार्रवाई का विरोध करने पर मोहसिन रजा को हिरासत में लिया गया।
बड़ी संपत्ति पर भी शिकंजा प्रशासन ने अब तक तौकीर रजा और उनके करीबियों की लगभग 150 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। पुलिस अब बेनामी संपत्तियों की जांच कर रही है। इसी बीच डॉ. नफीस को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनकी तीन दर्जन से अधिक दुकानों को सील किया गया।
साजिश का खुलासा और पुलिस की तैयारी पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हिंसा की साजिश पहले से रची गई थी। आईएमसी के व्हाट्सएप ग्रुप पर नदीम ने करीब 1600 लोगों को इकट्ठा किया था। उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से की जा रही है। अब तक 62 लोगों को गिरफ्तार कर 29 को जेल भेजा जा चुका है।
प्रशासन का रुख सख्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की सख्ती के बीच समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल डीआईजी से मिला और निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी तेज कर दी है और अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित करने की तैयारी कर रही है।