बिजनौर में पैसों के विवाद ने ली खौफनाक शक्ल, दबंगों ने युवकों पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर…
एक की हालत गंभीर, दो गिरफ्तार
3 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर ज़िले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां नूरपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर पालनी गांव में दिवाली की रात पैसों के लेन-देन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि दबंगों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर तीन युवकों को घायल कर दिया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पैसों के विवाद से बढ़ा तनाव, फिर हुआ हमला जानकारी के अनुसार, अलीनगर पालनी गांव में दो पक्षों के बीच कुछ दिन पहले पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। दिवाली की रात लगभग साढ़े दस बजे फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले गाली-गलौज और धमकीबाजी हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान, चार दबंग युवक ट्रैक्टर पर सवार होकर आए और सड़क पर खड़े लोगों पर तेज रफ्तार से ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन लहराया तमंचा
गांव के लोगों ने जब ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने तमंचा लहराकर ग्रामीणों को डराने की कोशिश की। इस हमले में संजीव, सौरभ और देवेन्द्र नाम के तीन युवक घायल हुए, जिनमें देवेन्द्र की हालत गंभीर है। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर भेज दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, मुख्य आरोपी फरार घायल युवक देवेन्द्र के भाई भीष्म सिंह की शिकायत पर नूरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रैक्टर सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रीत सिंह फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
पुलिस बोली - पैसों के विवाद में की गई वारदात, जांच जारी
इस घटना पर सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला रुपयों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रीत सिंह और उसके साथियों ने ट्रैक्टर से तीन-चार लोगों को कुचला है। इस बीच, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर सवार लोग सड़क पर खड़े लोगों को कुचलते हुए भाग रहे हैं और हथियार लहरा रहे हैं। पुलिस ने वीडियो की जांच भी शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की है ताकि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।