बुलंदशहर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का आरोपी गिरफ्तार,
लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद
1 months ago Written By: Aniket prajapati
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया था। यह घटना 27 नवंबर को चोला थाना क्षेत्र के खानपुर गांव स्थित आराध्या फार्म हाउस में हुई थी, जहां एक शादी समारोह के दौरान पैसों के विवाद में गोली चली और भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र भाटी की मौत हो गई। इस घटना के बाद से आरोपी सुग्रीव सोलंकी फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। आखिरकार, पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में उपयोग की गई लाइसेंसी रिवाल्वर भी मिली है।
बारात में पैसों के विवाद से शुरू हुआ विवाद मामला 27 नवंबर, 2025 का है, जब अजयनगर से एक बारात खानपुर गांव के आराध्या फार्म हाउस में आई थी। इसी दौरान पैसों को लेकर आरोपी सुग्रीव सोलंकी और भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र भाटी (37) के बीच विवाद हो गया। गुस्से में सुग्रीव ने अपनी लाइसेंसी 32 बोर की रिवाल्वर से धर्मेंद्र पर गोली चला दी।
धर्मेंद्र की अस्पताल में मौत गोली लगने के बाद धर्मेंद्र को गंभीर हालत में कैलाश अस्पताल, ग्रेटर नोएडा ले जाया गया। डॉक्टरों ने कुछ देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव और आसपास के इलाके में तनाव फैल गया। परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
फ्लाईओवर के नीचे से आरोपी गिरफ्तार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोला पुलिस ने विशेष खोज अभियान चलाया। पुलिस ने आरोपी को खानपुर रेलवे ट्रैक के पास फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया। उसके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर, दो जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, रिवाल्वर का लाइसेंस और 200 रुपये बरामद हुए।
हथियार भी बरामद, कई धाराएं जोड़ी गईं पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार वही रिवाल्वर है, जिसे आरोपी घटना के समय इस्तेमाल कर रहा था। गिरफ्तारी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 27/30 भी जोड़ी गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का बयान एसपी सिटी शंकर प्रसाद यादव ने कहा कि हर्ष फायरिंग और विवाद से हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।