रोते हुए बुलंदशहर से रवाना हुई 4 पाकिस्तानी महिलाएं,
पहलगाम टेरर अटैक के बाद एक्शन मोड में UP Police
2 months ago
Written By: News Desk
Bulandshahr News: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। केंद्र सरकार के इस आदेश पर यूपी के बुलंदशहर का प्रशासन एक्शन मोड पर है। बुलंदशहर में विजिटर वीजा पर आई 4 पाकिस्तानी महिलाओं को बुलंदशहर से वापस पाकिस्तान के लिए रवाना कर दिया गया। अपने रिश्तेदारों के यहां आई चारों महिलाओ को बुलंदशहर पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर से बाघा-अटारी बॉर्डर के लिए रवाना किया गया है। बुलंदशहर में अपने रिश्तेदारों के यहां आई रुदाबा, नौशाबा, खालिदा और सबाहत को बुलंदशहर पुलिस ने बुलाया। उसके बाद सभी कागजी कार्यवाही पूरी कर पाकिस्तान वापस जाने के लिए कहा। बता दें कि वापस जाने के फरमान से पाकिस्तानी महिलाएं रोती हुई दिखाई दी।
महिलाओं ने कहा कि हम रिश्तेदारों के घर घूमने आए थे
पाकिस्तान से अपने भाई के घर बुलंदशहर के गांव चदियान आई खालिदा और सबाहत का कहना कि हम यहां पर खुशी-खुशी आये थे कि यहां पर इंजॉय करेंगे। मगर हमे नही पता था कि हम एक दिन में ही चले जायेंगे। पहलगाम में कौन आतंकवादी है। हमे नहीं पता, लेकिन जिसने भी ये किया बहुत बुरा किया है। उन्होंने कहा कि अल्लाह ताला उसको बर्बाद करे, वो सब देखता है। हमारे लिए बड़ा सदमा है कि हम इस तरह जायेंगे। हम बड़े अरमानों से आये थे कि यहां रहेंगे।
ढूंढ़-ढूंढ़ कर भेजे जा रहे पाकिस्तानी नागरिक
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत आये पाकिस्तानी नागरिकों को वापस पाकिस्तान भेजने के लिए गए निर्णय से भारत मे मौजूद पाकिस्तानी नागरिक काफी परेशान हैं। वहीं बुलंदशहर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। सभी थाना क्षेत्रों व एलआईयू से बुलंदशहर अपनी रिश्तेदारी में आये पाकिस्तानी नागरिकों की जानकारी कर सरकार के निर्देशानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।