पैर टूटा तो घुटनों के बल घिसटते हुए पूरी की दौड़, अफसरों ने लगाया गले,
कानपुर में UP पुलिस भर्ती दौड़ परीक्षा के दौरान 6 अभ्यर्थियों के टूटे पैर
2 months ago
Written By: News Desk
कानपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की दौड़ परीक्षा हो रही है। जिसमें दौड़ने आए प्रतिभागियों के गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। 13 अभ्यर्थी दौड़ के दौरान गिर पड़े। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण के दौरान पाया गया कि 13 में से 6 अभ्यर्थियों की हड्डी टूट गई है। इटावा के देवेंद्र कुमार यादव भी फिनिश लाइन से पहले गिर पड़े। उनके पैर की हड्डी टूट गई। बावजूद इसके घुटनों के बल घिसटते हुए देवेंद्र ने दौड़ पूरी की। उनका ये हौसला देख अधिकारियों ने दौड़कर उन्हें गले लगा लिया। सभी घायल अभ्यर्थियों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
घुटनों के बल घिसटते हुए पूरी की दौड़
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की दौड़ परीक्षा कानपुर के पीएसी ग्राउंड श्याम नगर में कराई जा रही है। अंतिम राउंड की दौड़ के दौरान उन्नाव के मगरवारा निवासी प्रेम प्रकाश, कन्नौज के तालग्राम निवासी शिवानी राजपूत, कानपुर देहात के सर्वेश कुमार, इटावा के देवेंद्र यादव, कानपुर के धर्मेन्द्र कुमार और फर्रुखाबाद के सुमित कुमार और आशुतोष समेत 13 लोग एक के बाद एक गिरते चले गए। लगातार कई अभ्यर्थियों के गिरते ही वहां मौजूद अफसर घबरा गए। सभी मैदान की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने एक-एक कर अभ्यर्थियों को उठाया। इसी बीच इटावा के देवेंद्र कुमार यादव उठे और फिर गिर पड़े। ऐसे में घुटनों के बल घिसटते हुए उन्होंने दौड़ पूरी की। पुलिस अधिकारियों ने उनकी पीठ थपथपाई और शाबाशी देकर गले लगाया।
'पैर से आई आवाज और मैं गिर पड़ा'
अस्पताल में भर्ती देवेंद्र ने कहा- मेरा सपना पुलिस अधिकारी बनने का है। घर वालों को मुझे बहुत उम्मीद है। दौड़ते समय मैं लक्ष्य से मात्र 30 मीटर दूर रह गया। इसी बीच अचानक पैर से आवाज आई और मैं नीचे गिर गया। मैंने पीछे मुड़कर देखा तो मेरे साथी काफी पीछे थे। मैं दौड़ पूरी करने के लिए उठा, मगर फिर से गिर पड़ा। मैंने किसी तरह से दौड़ पूरी की। सभी घायलों को तीन एम्बुलेंस से कांशीराम हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। एक्सरे हुआ तो 13 में से 6 अभ्यर्थियों के पैर टूटे पाए गए।
कांस्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट का आज अंतिम दिन
यूपी पुलिस में 60 हजार कांस्टेबल की भर्ती चल रही है। लिखित परीक्षा और नाप-जोख पूरी हो चुकी है। जो लोग परीक्षा पास हुए हैं। उनकी दौड़ कराई जा रही है। लड़कों को 25 मिनट में 4.8 किमी की दौड़ पूरी करनी है। जबकि महिला अभ्यर्थियों को 14 मिनट में 2.4 किमी दौड़ना होता है। उत्तर प्रदेश कांस्टेबल परीक्षा में 1 लाख अभ्यर्थी फिजिकल के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। जिनका आज फिजिकल का अंतिम दिन था। अब भर्ती बोर्ड चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी करेगा। यूपी के कई जिलों में दौड़ की प्रक्रिया चली है। कानपुर में 13 फरवरी से अभ्यर्थियों की दौड़ चल रही थी।