चंद्रचूड़ सिंह की पुश्तैनी हवेली विवाद: अलीगढ़ डीएम ऑफिस पहुंचे अभिनेता,
परिवार पर लगाए कब्जे के आरोप
7 days ago Written By: Aniket Prajapati
अलीगढ़। जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह सोमवार को अलीगढ़ के डीएम ऑफिस पहुंचे तो वहां मौजूद लोग उन्हें देखकर हैरान रह गए। शुरुआत में दफ्तर के कर्मचारी उन्हें पहचान नहीं पाए, लेकिन जब अभिनेता ने अपना परिचय दिया, तो सभी ने उनसे फोटो खिंचवाने की भीड़ लगा दी। सवाल यह उठ रहा था कि मुंबई से आए अभिनेता अलीगढ़ क्यों आए हैं। बाद में मीडिया से बातचीत में चंद्रचूड़ ने बताया कि यह दौरा उनके पुश्तैनी हवेली के विवाद को लेकर था।
कल्याण भवन: 1885 की आलीशान हवेली चंद्रचूड़ सिंह की यह हवेली, जलालपुर एस्टेट, खैर रोड, अलीगढ़ में स्थित है और नाम है 'कल्याण भवन'। साल 1885 में बनी यह हवेली करीब 10 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है और इतनी आलीशान है कि इलाके को इसकी पहचान के नाम से जाना जाता है। हवेली की भव्यता और इतिहास ने इसे अलीगढ़ के प्रमुख स्थलों में शामिल कर दिया है।
पुश्तैनी हवेली पर कब्जे का आरोप डीएम ऑफिस पहुंचकर चंद्रचूड़ सिंह ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के कुछ सदस्य अवैध तरीके से हवेली पर कब्जा करना चाहते हैं और इसे बेचने की योजना में हैं। उनके साथ उनकी मां कृष्णा कुमारी देवी और भाई अभिमन्यु सिंह भी मौजूद थे। अभिमन्यु सिंह भी फिल्म निर्माण और निर्देशन से जुड़े हैं। चंद्रचूड़ ने बताया कि अलीगढ़ में उनकी ज्यादातर पुश्तैनी जमीनें पहले ही बेची जा चुकी हैं, लेकिन अब कुछ परिवारिक सदस्य हवेली पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
हवेली में घुसने नहीं दिया जा रहा अभिनेता ने यह भी कहा कि उन्हें अपने ही घर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा। इस पर डीएम संजीव रंजन ने भरोसा दिलाया कि मामले की कानूनी जांच और उचित कार्रवाई की जाएगी।
परिवार और पृष्ठभूमि चंद्रचूड़ सिंह के पिता कैप्टन बलदेव सिंह भारतीय सेना में थे और बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा। 1985 में वे अलीगढ़ की सदर सीट से विधायक चुने गए। कैप्टन बलदेव सिंह की पूर्व पीएम राजीव गांधी के साथ गहरी दोस्ती थी। 1991 में अलीगढ़ से लोकसभा चुनाव हारने के बाद वे गुरुग्राम चले गए और 2022 में मुंबई में उनका निधन हो गया।इस विवाद ने अलीगढ़ में एक बार फिर पुश्तैनी संपत्ति के मामलों और परिवारिक झगड़ों को सुर्खियों में ला दिया है।