लखनऊ में छठ पर्व की भव्य छटा: संतान की प्राप्ति से लेकर भाई की मन्नत तक,
आस्था में डूबीं महिलाएं
2 months ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ में लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत शनिवार को नहाय-खाय के साथ हुई और रविवार को खरना का पर्व मनाया गया। सोमवार को डूबते सूर्य को और मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाएं व्रत पूर्ण करेंगी। शहर के लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जहां महिलाएं विधि-विधान से पूजा कर रही हैं।
“छठी मैया की कृपा से हमारी गोद भरी” बलिया की रहने वाली बेबी सिंह ने बताया कि विवाह के दस साल बाद भी उन्हें संतान नहीं हुई थी। इस कारण परिवार में निराशा थी। “फिर हमने परिवार के बड़ों के कहने पर छठी मैया से मन्नत मांगी,” बेबी बताती हैं। “इसके बाद छठी मैया की कृपा से हमें संतान की प्राप्ति हुई। तभी से छठ के प्रति हमारी आस्था और बढ़ गई है।” बेबी सिंह कहती हैं कि छठी मैया ने सिर्फ संतान ही नहीं दी, बल्कि उनकी रक्षा भी की। “एक बार छठ पूजा के दिन मेरा बेटा पटाखा जला रहा था, तभी बारूद उसकी आंख में चला गया। डॉक्टर ने जवाब दे दिया था, लेकिन छठी मैया की कृपा से आज उसकी आंख बिल्कुल ठीक है। इसलिए इस पर्व में हमारा अटूट विश्वास है।”
“चार बहनों के बाद मिला भाई, मन्नत पूरी हुई” लखनऊ की शिल्पा पांडे बताती हैं कि छठ का त्योहार उनके पूरे परिवार के लिए बहुत खास है। “हम चार बहनें हैं। सभी को एक भाई की इच्छा थी। मां ने छठी मैया से मन्नत मांगी और मैया की कृपा से हमें भाई मिला।”शिल्पा ने बताया कि अब मां की तबीयत ठीक नहीं रहती, इसलिए वे खुद व्रत रखती हैं। “हम अपने भाई के अच्छे स्वास्थ्य और मन्नत पूरी होने की खुशी में व्रत रखते हैं। पूरे परिवार की भागीदारी से यह पर्व भव्य बनता है। प्रसाद से लेकर वेदी सजाने तक हर कोई अपना योगदान देता है।”
200 कलाकार करेंगे छठ कार्यक्रम में प्रस्तुति भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभु नाथ राय ने बताया कि “आस्था का इससे बड़ा पर्व कोई नहीं है। बिहार से शुरू हुआ यह पर्व अब पूरे देश और विदेशों में मनाया जा रहा है। छठ पूजा अब ग्लोबल फेस्टिवल बन चुकी है।”लखनऊ में इस वर्ष 110 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। लक्ष्मण मेला मैदान, गोमती तट और अन्य घाटों पर महिलाओं ने वेदियां सजा ली हैं।
सीएम योगी करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन छठ पर्व के दो दिवसीय मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम 4 बजे करेंगे। इसके बाद 200 कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे, जिससे पूरा वातावरण छठी मैया के जयघोष से गूंज उठेगा।
गोमती घाटों पर उमड़ी भीड़, आस्था में डूबे श्रद्धालु लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर सोमवार को महिलाओं ने फूल, फल और ठेकुआ से सजी वेदियों पर पूजा की। उन्होंने गोमती नदी में स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और एक-दूसरे को भखरा सिंदूर लगाया। पूरा माहौल भक्तिमय और उल्लास से भरा दिखा।