वाराणसी में लूट-चोरी के मामले में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी,
अजय राय के करीबी भी शामिल
2 days ago
Written By: STATE DESK
Congress Leaders Arrested: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा जब पुलिस ने कांग्रेस के दो नेताओं को लूट और चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। इन दोनों नेताओं को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का करीबी बताया जा रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
कांग्रेस नेताओं पर गंभीर धाराओं में केस
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, चेतगंज थाना क्षेत्र से कांग्रेस नेता अमित पाठक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों पर भारतीय दंड संहिता की धाराएँ 384 (जबरन वसूली), 457 (रात में घर में घुसपैठ), 392 (डकैती), 504 (शांति भंग करने वाला कृत्य), 506 (जान से मारने की धमकी) और 354 (महिला से अभद्रता) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि अब इनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा ने अजय राय पर साधा निशाना
गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर सीधा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भाजपा का कहना है कि यह घटना कांग्रेस के असली चेहरे को उजागर करती है।
कांग्रेस ने बताई साजिश
वहीं, इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि पार्टी लगातार जनहित के मुद्दे उठा रही है, जिससे सरकार बौखलाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को बदनाम करने के लिए यह राजनीतिक साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा, "हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और हम न्याय की राह पर आगे बढ़ते रहेंगे।"