यूपी में कोरोना के केस बढ़े, BHU में डॉक्टर पॉजिटिव,
आगरा में पहली मौत, सभी जिलों में अलर्ट जारी
1 months ago
Written By: STATE DESK
Corona In UP: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दी है। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 38 पहुंच चुकी है। मंगलवार को 24 घंटे के अंदर 16 नए केस सामने आए हैं। वहीं आगरा में एक संक्रमित बुजुर्ग की मौत भी हुई है, जो यूपी में कोरोना से पहली मौत मानी जा रही है। साथ ही वाराणसी के BHU अस्पताल में चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हडकंप मच गया है।
आगरा में बुजुर्ग की मौत
मिली जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद निवासी 78 वर्षीय मुसाफिर राम को 24 मई को कूल्हे के ऑपरेशन के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें पहले से बुखार और सांस लेने में दिक्कत थी। प्राइवेट लैब की जांच में उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बाद में उन्हें SN मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, मरीज को सिर में चोट, फेफड़ों की बीमारी और अन्य समस्याएं भी थीं।
सबसे ज्यादा केस नोएडा और गाजियाबाद में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा में मंगलवार को 11 नए मरीज मिले, जिससे यहां एक्टिव केसों की संख्या 19 हो गई है। गाजियाबाद में भी कुल 14 एक्टिव केस हैं, जिनमें से एक चार महीने का बच्चा अस्पताल में भर्ती है, बाकी होम आइसोलेशन में हैं।
वाराणसी, लखनऊ और गाजियाबाद में भी केस
वाराणसी में BHU के एक रेजिडेंट डॉक्टर और लैब ऑपरेटर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये NB 1.8.1 वैरिएंट के पहले मामले हैं। लखनऊ में चारधाम यात्रा से लौटे एक बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिन्हें SGPGI में भर्ती किया गया है। परिवार के बाकी सदस्य नेगेटिव पाए गए हैं।
प्रदेशभर में अलर्ट जारी
बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य के सभी 75 जिलों में कोरोना को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और मरीजों पर निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के डीजी डॉ. आरपी सिंह सुमन ने बताया कि कोई मरीज गंभीर हालत में नहीं है और सभी के लक्षण सामान्य हैं जैसे खांसी, जुकाम और बुखार।
PM की रैली को लेकर जांच शुरू
वहीं 30 मई को कानपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। रैली स्थल और आसपास के इलाके में रहने वालों की कोरोना जांच आज से शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने और जरूरत होने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है। कोरोना का नया सब-वैरिएंट JN.1 चिंता का विषय नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।
जिलावार आंकडे...
जिला
|
पॉजिटिव केस
|
नोएडा
|
19
|
गाजियाबाद
|
14
|
वाराणसी
|
2
|
लखनऊ
|
1
|
आगरा
|
1 (मृत्यु)
|
फिरोजाबाद
|
1
|
जालौन
|
1
|