मथुरा में दलित युवती की शादी में हंगामा, दूल्हे को बग्गी से खींचा दी गोली मारने की धमकी,
डीजे बजाने पर दबंगों ने बारातियों से की मारपीट, पुलिस सुरक्षा में कराई गई शादी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के गांव भूरेका में दलित युवती की शादी में दबंगों ने हिंसा मचाई। बारात में डीजे बजाने पर दबंगों ने बारातियों को लाठी-डंडे से पीटा। दूल्हे को बग्गी से नीचे गिरा दिया और धमकी दी कि दोबारा बग्गी पर बैठकर बारात नहीं निकलेगी। पुलिस आने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस के जाने के बाद अगले दिन फिर से हमला हुआ। दुल्हन के घर हमला कर परिवार वालों को पीटा और सामान तोड़ा। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं की मदद से पुलिस ने स्थिति संभाली। दुल्हन के चाचा ने कई लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
दलित युवती की शादी में दबंगों का हमला
यह पूरी घटना मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के भूरेका गांव की है, जहां एक दलित लड़की की शादी में दबंगों ने बारातियों और दुल्हन के साथ मारपीट की। बता दें की दुल्हन के चाचा पूरन सिंह ने बताया कि उनकी भतीजी कल्पना की शादी अलीगढ़ के गांव नगला पदम के आकाश से तय थी। 20 मई की रात बारात आ रही थी। बारात चढ़ते वक्त पड़ोसी गांव के दबंग लोग पहुंचे। उन्होंने डीजे बंद करने को कहा। बारात वालों ने डीजे बंद नहीं किया। दबंगों ने जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। वहीं दूल्हे को बग्गी से गिराकर धमकी दी कि दोबारा बग्गी पर नहीं बैठना। दबंग बोले अगर बारात फिर बग्गी पर निकाली तो गोली मार देंगे। किसी ने 112 पर सूचना दी। पुलिस आई तो दबंग फरार हो गए। बता दें कि पुलिस की सुरक्षा में शादी की रस्में पूरी हुईं।
पुलिस के जाने के बाद फिर हमला
अगली सुबह छह बाइक पर दबंग फिर आए। उनके पास तमंचा, चाकू और लाठी थी। उन्होंने दुल्हन के घर घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की। कई लोग घायल हो गए। घर का सामान नष्ट हो गया और लोगों ने इसकी सूचना भीम आर्मी और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भीम आर्मी के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन को विदा किया गया। पुलिस ने दूल्हे और दुल्हन को अलीगढ़ की सीमा तक छोड़ा।
दुल्हन की मां ने कि थी शादी की तैयारी
दुल्हन के पिता की मौत हो चुकी है। उसका कोई भाई नहीं है। मां मजदूरी करके बेटी का पालन-पोषण कर रही थी। घोड़ा बग्गी चालक को भी दबंगों ने रोककर पीटा और रुपए छीन लिए। पुलिस ने आरोपियों के घर छापेमारी की, लेकिन अब तक कोई पकड़ में नहीं आया।
पुलिस की कार्रवाई
सीओ गुंजन सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। केस दर्ज कर आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा। पुलिस सतर्क है और पूरे मामले की जांच कर रही है।