दिल्ली में हाई-प्रोफाइल चेन स्नैचर पकड़ा गया:
7 महीने से फरार था तरुण उर्फ गादम वाला
1 months ago Written By: Aniket prajapati
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। सात महीने से फरार चल रहे कुख्यात चेन स्नैचर तरुण उर्फ गादम वाला को गिरफ्तार कर लिया गया है। तरुण पर चोरी, स्नैचिंग, डकैती, घरफोड़़ी और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 68 मामले दर्ज हैं। वह अमन विहार थाना क्षेत्र का घोषित बदमाश था। सबसे चर्चित मामला करोल बाग में एक अमेरिकी एनआरआई महिला की चेन स्नैचिंग का है, जिसमें तरुण मुख्य आरोपी था। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश में थी।
68 आपराधिक मामलों में वांछित था तरुण क्राइम ब्रांच के अनुसार तरुण केवल 9वीं तक पढ़ा है। वह दिन में अंडे बेचता था और रात को शादियों में ढोल बजाता था। नशे की लत के कारण वह अपराध की दुनिया में आ गया। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ 68 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह अमन विहार थाने का घोषित भगोड़ा था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
करोल बाग में एनआरआई महिला की चेन छीनी थी गिरफ्तारी जिस केस में हुई, वह घटना 5 अप्रैल की सुबह 11:15 बजे की थी। कैलिफोर्निया से आई महिला अपने पति के साथ दिल्ली घूमने आई थी। करोल बाग के पदम सिंह रोड पर एटीएम से पैसे निकालकर बाहर निकलते ही काली स्कूटी पर आए दो लड़कों ने उसकी 15 ग्राम सोने की चेन झपट ली।महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश भाग निकले। 13 अप्रैल को एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस ने स्कूटी चलाने वाले आरोपी राहुल को जल्दी पकड़ लिया, लेकिन चेन खींचने वाला तरुण फरार हो गया। 4 अगस्त को कोर्ट ने उसे आधिकारिक तौर पर भगोड़ा घोषित कर दिया।
अमन विहार से दबोचा गया बदमाश 24 नवंबर को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि तरुण अमन विहार में छिपा है। डीसीपी क्राइम हर्ष इंदौरा के निर्देशन में इंस्पेक्टर महिपाल की टीम ने तकनीकी निगरानी के साथ छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तरुण ने जुर्म कबूल कर बताया कि स्कूटी पर पीछे बैठा वही था और उसी ने चेन छीनी थी। चेन बेचकर उसे मात्र 6,000 रुपये मिले थे।