7 फेरे लेकर आई दुल्हन, 25 मिनट में तोड़ दी शादी…
मां को फोन कर बोली- मुझे यहां नहीं रहना
8 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक दूल्हा अपनी दुल्हन को बड़े अरमानों के साथ घर तो ले आया, लेकिन शादी के महज 25 मिनट बाद ही दुल्हन ने ऐसा फैसला ले लिया जिसने सभी को चौंका दिया। दुल्हन ने घर पहुंचते ही अपनी मां को फोन मिलाकर कहा, मम्मी, मुझे यहां नहीं रहना, मुझे ले जाओ। इसके बाद उसके माता-पिता ससुराल पहुंचे और दुल्हन को साथ ले गए। कुछ ही देर में यह नई-नवेली शादी टूट गई। पूरे गांव और रिश्तेदार इस घटना को लेकर दंग रह गए हैं।
धूमधाम से हुई शादी, बारात का भव्य स्वागत जानकारी के मुताबिक, शादी एक मैरिज हॉल में हुई थी। लड़की पक्ष सलेमपुर का और लड़का पक्ष भलुअनी का रहने वाला था। बारात ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते हुए मैरिज हॉल पहुंची। वधू पक्ष ने पूरे सम्मान के साथ बारात का स्वागत किया। स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और फिर मंडप में सात फेरे लेकर विवाह की सभी रस्में पूरी कीं।
विदाई के बाद केवल 25 मिनट में बदला माहौल दूल्हा अपनी दुल्हन को विदा करवाकर घर पहुंचा। घर में मेहमानों का तांता लगा था और दुल्हन की मुंह दिखाई की रस्म शुरू ही हुई थी कि अचानक दुल्हन ने कहा कि वह यहां नहीं रहना चाहती। यह सुनते ही दूल्हा पक्ष के सभी लोग हैरान रह गए। उन्होंने दुल्हन को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। उसने तुरंत अपनी मां को फोन कर लिया।
दोनों परिवारों की पंचायत, फिर भी नहीं बदला दुल्हन का फैसला मायके पक्ष के लोग तुरंत ससुराल पहुंचे। कई घंटे तक दोनों परिवारों के बीच बातचीत चलती रही। दुल्हन ने साफ कहा कि ससुराल वालों का व्यवहार ठीक नहीं है और वह यहां नहीं रहेगी। दूल्हे ने भी कहा कि दुल्हन ने दोनों परिवारों की इज्जत मिट्टी में मिला दी है, इसलिए अब वह भी उसे नहीं रोकना चाहता।
सामान और जेवर लौटाए, खत्म हुआ छह महीने पुराना रिश्ता इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दिए गए सामान और जेवर वापस लौटा दिए। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों का रिश्ता करीब छह महीने पहले तय हुआ था। अब शादी टूटने की चर्चा पूरे इलाके में फैल गई है। लोग हैरान हैं कि महज 25 मिनट में ऐसा क्या हुआ कि दुल्हन ने इतना बड़ा फैसला ले लिया।