देवरिया में शादी के दौरान दूल्हे के दोस्त की गोली मारकर हत्या,
बीजेपी के पूर्व विधायक का करीबी था मृतक, हैरान कर देने वाली वजह आई सामने
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना हुई। शादी समारोह में शामिल एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान तेज बहादुर उर्फ राजन यादव के रूप में हुई है। वह दूल्हे का करीबी दोस्त था। घटना उस समय हुई जब वह दूल्हे के पिता के साथ खाना खा रहा था। तभी एक युवक आया और राजन की पीठ पर तमंचा सटाकर दो गोलियां चला दीं। राजन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गोली मारकर आरोपी हुआ फरार
घटना देवरिया से करीब 10 किलोमीटर दूर खजुरी करौटा गांव की है। वहां अनिल गिरी की बेटी की शादी थी। बारात कुशीनगर से आई थी। रात करीब 11 बजे जयमाल की तैयारियां चल रही थीं। उसी समय यह वारदात हो गई। गोली की आवाज सुनकर लोगों को पहले पटाखा लगा। लेकिन जब देखा तो राजन जमीन पर गिरा पड़ा था। लोग आरोपी को पकड़ने भागे लेकिन वह तमंचा लहराते हुए भाग निकला।
हत्या में पुरानी रंजिश का शक
राजन भाजपा के पूर्व विधायक पवन केडिया का करीबी था। वह उनके ईंट भट्ठे का मैनेजर भी था। साथ ही वह बीडीसी भी था। एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश में की गई है। राजन प्रॉपर्टी डीलिंग भी करता था। पुलिस को शक है कि चुनाव या जमीन के विवाद में हत्या की गई है।
आरोपी सेना का जवान
मुख्य आरोपी पप्पू निषाद सेना में जवान है। राजन के भाई ने बताया कि पप्पू ने खुलेआम हत्या की धमकी दी थी। कुछ दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। पुलिस ने इस मामले में 4 टीमें बनाई हैं। बता दें कि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। भारी पुलिस बल तैनात है। शादी की रस्में पूरी कर दी गई हैं, लेकिन दुल्हन की विदाई सोमवार को होगी। परिवार ने फ़रार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।