इटावा में तेज रफ्तार बाइक बनी काल,
दुकान जा रहे युवक शाहिद की दर्दनाक मौत, 3 महीने पहले बना था पिता
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: इटावा के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। बता दें कि तकिया आजादगान मोहल्ले में सड़क पर जा रहे एक युवक को बाइक ने टक्कर मार दी। यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहिद (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह तकिया आजादगान मोहल्ले का ही रहने वाला था।
तेज रफ्तार बाइक ने ली युवक की जान
शाहिद अपनी दुकान की ओर जा रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक पल्सर बाइक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शाहिद मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। कुछ राहगीरों ने शाहिद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे सैफई पीजीआई भेज दिया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। दो दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शाहिद की मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक सवार फरार
हादसे के समय दोनों बाइक सवारों को लोगों ने पकड़ने की कोशिश की। लेकिन वे बाइक लेकर भागने में सफल हो गए। कुछ लोगों ने बाइक का नंबर देख लिया। इसी आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। शाहिद की शादी चार साल पहले हुई थी। तीन महीने पहले ही वह पिता बना था। उसका बेटा अभी बहुत छोटा है। शाहिद अपने बेटे को ठीक से पहचान भी नहीं पाया था कि उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शाहिद की मौत से परिवार टूट गया है। उसकी पत्नी निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी गम का माहौल है।
पुलिस कर रही है जांच
कोतवाली प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। बाइक सवारों आरोपी की तलाश जारी है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद और इंसाफ की मांग की है।