सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का आज अंतिम दिन,
150 किमी के सफर का होगा समापन
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
वृंदावन में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की नेतृत्व वाली सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का आज अंतिम दिन है। दस दिनों से लगातार तीन राज्यों के मार्गों पर चल रही यह यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है। लाखों सनातनियों की भागीदारी वाली यह 150 किलोमीटर लंबी पदयात्रा आज दो हिस्सों में पूरी की जाएगी। यात्रा के दौरान भक्तों और संतों में बड़ी उत्सुकता है, क्योंकि आज ही यात्रा का औपचारिक समापन भी होने वाला है।
आज 17 किलोमीटर चलेगी यात्रा, दो चरणों में होगा कार्यक्रम
यात्रा का अंतिम दिन कुल 17 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। सुबह यात्रा 8.5 किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए वृंदावन के चारधाम मंदिर पहुंचेगी, जहां दोपहर का भोजन कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद शाम को यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा, जिसमें धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और हजारों यात्री 8.5 किलोमीटर पैदल चलते हुए बांके बिहारी मंदिर पहुंचेंगे। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद ही पदयात्रा के समापन की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
10 दिन की यात्रा, 3 राज्यों में फैला आध्यात्मिक उत्साह
7 नवंबर से शुरू हुई यह पदयात्रा 16 नवंबर को अपने अंतिम पड़ाव पर है। यह यात्रा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा में लाखों सनातनी शामिल हुए और सभी ने साथ मिलकर 7 संकल्पों के उद्देश्य के साथ कदम बढ़ाए—जिनमें हिंदुओं में एकता स्थापित करना और भारत को सांस्कृतिक रूप से अधिक मजबूत बनाना शामिल है। वृंदावन के चारधाम परिसर में आज पदयात्रा के विराम सत्र का आयोजन होगा, जहां सुबह 9 बजे से मंचीय कार्यक्रम भी शुरू होंगे।
कई बड़े धर्माचार्य और नेता करेंगे शिरकत
पदयात्रा के अंतिम दिन कई बड़े संत, साधु और विशिष्ट अतिथि शामिल होने वाले हैं। इसमें पंडित धीरेंद्र शास्त्री के गुरुदेव श्री जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज, मालूक पीठाधीश्वर, कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय, कथावाचक देवकी नंदन और ब्रज क्षेत्र के सभी प्रमुख संत उपस्थित रहेंगे।
राजनीतिक स्तर पर भी यह दिन खास रहेगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव और सांसद बी. डी. शर्मा पदयात्रा में शामिल होकर धीरेंद्र शास्त्री के साथ पैदल चलेंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सहित यूपी, एमपी, हरियाणा और दिल्ली सरकार के कई कैबिनेट मंत्री भी आ सकते हैं। मनोरंजन और कला जगत से अभिनेता गोविंद नामदेव और गायक बी प्राक जैसे नाम भी आने की संभावनाओं में शामिल हैं।