84 लाख का नोटिस थमाया मजदूर को, फूट-फूटकर रो पड़ा,
बोला- मजदूरी कर पेट पालता हूं
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: फिरोजाबाद से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां थाना फरिहा क्षेत्र के गांव इटली में मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले सुनील नाम के व्यक्ति के साथ बड़ा धोखा हुआ है। गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे नरेगा योजना और लेबर कार्ड का झांसा देकर उसके जरूरी दस्तावेज ले लिए। कुछ दिनों बाद सुनील को आयकर विभाग से 84 लाख रुपये से ज्यादा का नोटिस मिला, जिसे देखकर उसके होश उड़ गए। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लेबर कार्ड का झांसा देकर लिए दस्तावेज
गांव के एक व्यक्ति ने सुनील को समझाया कि अगर वह अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, मूल निवास प्रमाणपत्र और बैंक पासबुक दे दे, तो उसका लेबर कार्ड बन जाएगा। इसके बाद उसे नरेगा में काम मिलेगा और हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक मदद भी मिलेगी। गरीब सुनील इस झांसे में आ गया और उसने सभी दस्तावेज दे दिए।
84 लाख का नोटिस देखकर उड़ गए होश
कुछ समय बाद सुनील के घर आयकर विभाग का नोटिस पहुंचा। शुरुआत में उसने इसे सामान्य कागज समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन लगातार दूसरा और तीसरा नोटिस आने पर उसने ध्यान से पढ़ा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। नोटिस में बताया गया कि उस पर करीब 84 लाख 31 हजार रुपये का बकाया है। यह सुनकर सुनील बदहवास हो गया और रोते-बिलखते थाने पहुंचा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सुनील ने थाने में पूरी घटना की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने सुनील के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म खड़ी की है, उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।
मदद की गुहार और चेतावनी
थाने में सुनील लगातार रोता रहा और सरकार से मदद की गुहार लगाता रहा। उसने कहा कि वह एक गरीब मजदूर है और दिन-रात मेहनत करके परिवार का पेट पालता है, ऐसे में 84 लाख रुपये का टैक्स देना नामुमकिन है। सुनील ने लोगों से अपील की कि किसी भी सरकारी दस्तावेज को बनवाने के लिए सीधे सरकारी दफ्तर जाएं और किसी दलाल या अनजान व्यक्ति को कागज न दें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा।