गाजियाबाद: तेज बारिश में गिरी ACP ऑफिस की छत, दबकर दारोगा की मौत
घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर बाहर निकाला जा सका शव
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: गाजियाबाद में रविवार तड़के तेज आंधी और भारी बारिश हुई। बारिश के कारण अंकुर विहार स्थित एसीपी ऑफिस की छत गिर गई। हादसे में ऑफिस में सो रहे सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार मिश्रा की मौत हो गई। वह इटावा के रहने वाले थे और फिलहाल दिल्ली में परिवार के साथ रहते थे। हादसे का पता तब चला जब सुबह अन्य पुलिसकर्मी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने मलबा हटाकर वीरेंद्र को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बारिश में गिरी ACP ऑफिस की छत
शनिवार रात वीरेंद्र मिश्रा ड्यूटी पर थे। काम खत्म करने के बाद वह ऑफिस में ही रुक गए। देर रात करीब 2:30 बजे तेज बारिश शुरू हुई। बारिश की वजह से कमरे की पुरानी छत गिर गई। वीरेंद्र उसी कमरे में सो रहे थे और मलबे में दब गए। बता दें कि जब सुबह करीब 6 बजे पुलिसकर्मी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने मलबा देखा तो तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया। वीरेंद्र को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी ने लगाया 24 घंटे ड्यूटी का आरोप
सूचना मिलने पर वीरेंद्र की पत्नी और बेटा मौके पर पहुंचे। पत्नी ने रोते हुए बताया कि उनसे 24 घंटे काम लिया जाता था। वह कई बार घर भी नहीं आ पाते थे। महिला अधिकारियों ने उन्हें संभाला।
पुलिस विभाग में शोक
घटना की जानकारी आला अधिकारियों को दी गई। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई थी। वे मौके पर पहुंच चुके हैं। विभाग ने इस घटना को दुखद बताया है।
मौसम बना हादसे की वजह
गाजियाबाद में शनिवार रात से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में और बारिश का अनुमान जताया है। रविवार सुबह तापमान 26 डिग्री रहा। दोपहर में आंधी और बारिश की काफी ज्यादा आसार हैं इस कारण पुरे शहर में चेतावनी जारी की गई है।