गाजियाबाद आश्रम में रह रही महिला से रेप, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल,
संचालिका समेत एक महिला गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
8 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh: गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में स्थित एक आश्रम से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला, जो आश्रम में संन्यासी बनकर रह रही थी उसके साथ नशे की हालत में दरिंदगी की गई। महिला को पहले नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई, फिर उसके साथ दुष्कर्म हुआ और बाद में वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल किया गया। मुख्य आरोपी आश्रम संचालिका का सौतेला भाई है जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने आश्रम की संचालिका गोकुल दिव्या योग माया सरस्वती और उसकी साथी महिला राधिका उर्फ शबनम को गिरफ्तार कर लिया है।
आश्रम में रह रही महिला से दरिंदगी
पीड़ित महिला दिल्ली के उत्तम नगर की रहने वाली है और अनाथ है। उसने बताया कि वह सितंबर 2024 में कौशांबी स्थित इस आश्रम में रहने आई थी, जहां उसे देखरेख की जिम्मेदारी दी गई थी और हर महीने 20 हजार रुपये वेतन का वादा किया गया था। कुछ दिनों बाद संचालिका ने उसे चेली कहकर बुलाना शुरू कर दिया और साध्वी बनाने की बात कही। 15 अप्रैल को आश्रम की संचालिका ने उसे कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीते ही उसे चक्कर आने लगे। महिला ने बताया कि बेहोशी की हालत में उसके साथ गोकुल ने दुष्कर्म किया। वह आधी बेहोशी में थी, लेकिन शरीर हिल नहीं पा रहा था। होश में आने के बाद आरोपी महिलाओं ने उसे वीडियो दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया।
सैलरी मांगी तो आश्रम में बंधक बनाकर की गई पिटाई
महिला का कहना है कि उसे सात महीने की सैलरी यानी 1 लाख 40 हजार रुपये नहीं दिए गए और जब उसने पैसे मांगे तो उसे बुरी तरह पीटा गया। 23 अप्रैल की रात उसे बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मुख्य आरोपी गोकुल अब भी फरार
8 मई को महिला ने हिम्मत कर कौशांबी थाने में शिकायत दी। पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है और मुख्य आरोपी गोकुल की तलाश जारी है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।