गाजीपुर के नरवर गांव में करंट से बड़ा हादसा,
काशीदास बाबा की पूजा के दौरान 4 लोगों की मौत
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: गाजीपुर जिले के नरवर गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। काशीदास बाबा की पूजा के दौरान करंट लगने से चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक सिपाही और उसका भाई भी शामिल है। बता दें कि तीन लोग झुलस गए हैं। यह हादसा उस समय हुआ, जब पूजा के लिए मंडप बनाया जा रहा था। एक गीला बांस ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। बांस पकड़े सात लोग करंट की चपेट में आ गए। वहां भगदड़ मच गई। लोग उन्हें बचाने दौड़े, पर तब तक देर हो चुकी थी। झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया।
काशीदास बाबा की पूजा के लिए बना था मंडप
दरअसल, यह घटना गाजीपुर से 30 किलोमीटर दूर नरवर गांव की बताई जा रही है। जहां गांव में पंथी सुरेंद्र यादव के घर पूजा हो रही थी। काशीदास बाबा की पूजा के लिए मंडप बनाया गया था। मंडप में केले और बांस का इस्तेमाल हुआ था। एक बांस पर झंडा लगाया गया था। सुबह पंडित ने कहा कि उसमें आम की पत्तियां लगानी हैं। लोग झंडे वाले बांस को नीचे झुकाने लगे। जब बांस को फिर से खड़ा किया गया तभी वह 55 फीट ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। बता दें कि बांस गीला था इसलिए करंट पूरे बांस में दौड़ गया। करीब दस लोग बांस पकड़े हुए थे। बांस बीच से जलकर टूट गया। दो-तीन लोग अलग हो गए पर सात लोग करंट में फंस गए।
डॉक्टरों ने चार लोगों को बताया मृत
घायलों को मऊ के फातिमा अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने रविंद्र यादव (सिपाही), उसके भाई गोरख यादव, छोटेलाल यादव और अमन यादव को मृत बताया। रविंद्र और गोरख सगे भाई थे। रविंद्र की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। उसकी 6 महीने की बेटी है।
सीएम योगी ने जताया दुख
SDM ने बताया कि पूजा आयोजन की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। आयोजन हाईटेंशन लाइन के नीचे हुआ, जिससे यह हादसा हुआ। सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को जांच के आदेश दिए हैं। वहीं ऊर्जा मंत्री ने भी मदद का भरोसा दिलाया।
काशीदास जी यादव समाज के आराध्य संत
काशीदास जी यादव समाज के आराध्य संत हैं। वे भगवान कृष्ण के भक्त थे। इस दिन जानवरों की पूजा की जाती है। पूजन के बाद खीर और पूड़ी का प्रसाद बांटा जाता है। यह पूजा यादव समाज में बड़े श्रद्धा से की जाती है। यह हादसा समाज के लिए बहुत दुखद है। सरकार से मांग है कि मृतकों के परिवार को मुआवजा मिले और घायलों का इलाज अच्छे से हो।