गोंडा एनकाउंटर: 48 केस-1 लाख का इनाम,
मारा गया हिस्ट्रीशीटर सोनू पासी, SHO की जैकेट ने बचाई जान
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: गोंडा जिले के बेगमगंज इलाके में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश सोनू उर्फ भुर्रे पासी मारा गया। पुलिस को यह कामयाबी मुखबिर की सूचना के बाद मिली। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ करीब 45 मिनट तक चली। इस दौरान बदमाश ने 12 राउंड और पुलिस ने 8 राउंड गोलियां चलाईं। सोनू की गोली SHO नरेंद्र राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बच गए। जवाबी फायरिंग में सोनू को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया आरोपी
बता दें कि सोमवार को रात में करीब 12:15 बजे आरोपी सोनू पासी सनौली गांव के पास बाइक पर सवार होकर जा रहा था। उसकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन वह तेज स्पीड में भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ दूर जाकर सोनू खुद को घिरा हुआ देख फायरिंग करने लगा। पुलिस ने भी जवाब में गोलियां चलाईं। इस बीच एक गोली SHO नरेंद्र राय की जैकेट पर लगी। लेकिन जैकेट ने जान बचा ली। पुलिस की गोली सोनू के सीने में लगी। वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस उसे अस्पताल ले गई। पहले उसे बेलसर और फिर गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लंबे समय से फरार था आरोपी
सोनू पासी पर हत्या, लूट, डकैती जैसे 48 मुकदमे थे। वह परसपुर थाना का हिस्ट्रीशीटर था। फरवरी 2021 में वह जेल गया था, लेकिन जमानत पर बाहर आ गया। तब से वह फरार था। 24 अप्रैल को सोनू ने बेगमगंज में एक युवक की हत्या की थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में थी। तीन दिन पहले उस पर 1 लाख रुपये का इनाम रखा गया था। पिछले तीन दिनों में यूपी पुलिस ने 3 बदमाशों को एनकाउंटर में मारा है। वहीं एक पुलिसकर्मी की मौत भी हुई है। जौनपुर, कौशांबी और अब गोंडा में यह कार्रवाई हुई है।
पिछले 8 सालों का आंकड़ा
2017 से अब तक 229 बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। इन घटनाओं में 21 पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं। वहीं, 1650 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।