20 किमी दौड़ाया...मोटा बोलने की दी इतनी बड़ी सजा
कि इलाके में मच गया हड़कम्प, सबकी जुबान पर है ये वाकया
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक युवक को मोटा कहने पर दो लोगों को गोली मार दी गई। घटना 2 मई को तरकुलहा देवी मंदिर के पास हुई। आरोप है कि अर्जुन चौहान नामक युवक ने मजाक उड़ाने से नाराज होकर गोली चलाई। फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आइए जानतें हैं क्या है पूरा मामला।
मोटापे का मजाक बना विवाद की वजह
पुलिस ने बताया कि अर्जुन चौहान एक कार्यक्रम में शामिल हुआ था। वहीं गांव के अनिल और शुभम भी मौजूद थे। दोनों ने अर्जुन के मोटापे का मजाक उड़ाया। अर्जुन को यह बात बहुत बुरी लगी। वह गुस्से में आ गया और बदला लेने की सोचने लगा, जिसके बाद घर जाकर अर्जुन ने अपने दोस्त आसिफ को सब बताया। दोनों ने मिलकर अनिल और शुभम को सबक सिखाने की योजना बनाई। उन्हें जानकारी मिली कि वे दोनों मंझरिया गांव जा रहे हैं। इसके बाद अर्जुन और आसिफ कार लेकर उनके पीछे लग गए।
हमलावरों ने किया 20 किमी तक पीछा
बता दें कि अनिल और शुभम बाइक पर सवार थे। अर्जुन और आसिफ ने कार से उनका पीछा किया। लगभग 20 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तेनुआ टोल प्लाजा के पास उनकी बाइक को ओवरटेक किया। फिर जबरन दोनों को रोका और बाइक से उतार दिया। इसके बाद अर्जुन और आसिफ ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। वहीं हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोली चलने से मचा हड़कंप
गोली की आवाज सुनकर राहगीर जमा हो गए। लोगों ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी अर्जुन चौहान और आसिफ खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आसिफ एक हिस्ट्रीशीटर है। अर्जुन पर भी कई आपराधिक मामले चल रहे हैं। पुलिस घटना की गहराई से जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।