सिंदूर भी ना सूखा था...दूल्हे की विदाई से पहले मौत,
फिर लड़की वालों ने की ऐसी मांग, मचा हड़कम्प
1 months ago
Written By: STATE DESK
Bride Cancels Marriage: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक शादी समारोह मातम में तब्दील हो गया, जब विदाई के वक्त दूल्हे की अचानक मौत हो गई। यह दुखद घटना बिंदकी तहसील क्षेत्र की है, जहां सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे विदाई की गाड़ी में बैठेने जा रहे दूल्हे की मौत हो गई। जिसके बाद दुल्हन की विदाई रोक दी गई और लड़की पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए दहेज की वापसी की मांग की है।
बारात के स्वागत के बाद सुबह हो रही थी विदाई
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ने अपनी बेटी की शादी कानपुर नगर के नौबस्ता निवासी श्याम सुंदर के बेटे मोनू गौतम से तय की थी। रविवार रात बारात धूमधाम से गांव पहुंची और रस्मों-रिवाज के साथ शादी पूरी की गई। सोमवार सुबह दुल्हन की विदाई की जा रही थी। कलेवा खाने के बाद दुल्हन ने सभी परिजनों से विदा ली और कार में जाकर बैठ गई।
कार में बैठने से पहले गिर पड़ा दूल्हा
जैसे ही दूल्हा कार में बैठने के लिए आगे बढ़ा, वह अचानक बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई और उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
रास्ते में तोड़ा दम
परिजन दूल्हे को लेकर कानपुर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही मोनू की मौत हो गई। जैसे ही यह खबर लड़की पक्ष को मिली, शादी समारोह मातम में बदल गया। दुल्हन की विदाई रोक दी गई और लड़की पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए।
बीमारी छिपाने का आरोप, दहेज वापसी की मांग
लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे की गंभीर बीमारी को छिपाकर शादी करवाई गई। उन्होंने शादी को अमान्य बताते हुए सारा दहेज वापस लौटाने की मांग की है। मामला अब दोनों पक्षों के बीच विवाद का रूप लेता जा रहा है।
जांच की मांग
यहां अचानक हुई इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। अब परिवार वाले और स्थानीय लोग प्रशासन से इस मामले की जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि सच सामने आ सके।