Hardoi News: 2 दिन बाद होनी थी शादी...प्रेमी का दिल नहीं माना,
कर दिया बड़ा कांड, अब जेल में गुजरेगी पूरी जिंदगी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: हरदोई जिले के जरेरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने शादी से दो दिन पहले दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। दुल्हन अपनी मां और बहन के साथ छत पर सो रही थी। तभी देर रात आरोपी युवक अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। वह दुल्हन को जबरन ले जाने की कोशिश करने लगा। जब दुल्हन ने विरोध किया तो आरोपी ने सीने में गोली मार दी। लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। यह मामला मल्लावा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और जांच शुरू कर दी है।
क्या हुआ घटना की रात?
घटना सोमवार रात करीब 3 बजे की है। गांव जरेरा निवासी नवरंग सिंह राजपूत किसान हैं। उनकी बेटी संगीता राजपूत (22) की शादी 15 मई को होनी थी। संगीता डीएलएड की छात्रा थी। उसकी शादी बिलग्राम के माया प्रकाश से तय हुई थी। माया की खाद बीज की दुकान है।
प्रेमचंद कर रहा था शादी का विरोध
परिजनों के अनुसार, संगीता दो साल पहले अपने ननिहाल कन्नौज गई थी। वहीं उसकी मुलाकात गांव के प्रेमचंद से हुई। प्रेमचंद हलवाई का काम करता है। वह संगीता से शादी करना चाहता था। लेकिन परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। जब उसे संगीता की शादी की जानकारी मिली तो वह धमकियां देने लगा। वह बार बार फोन करता और परेशान करता। यहां तक कि ससुराल में बात करने की धमकी देता था।
घटना की पूरी जानकारी
संगीता की मां लक्ष्मी ने बताया मैं, संगीता और छोटी बेटी साधना छत पर सो रहे थे। रात में प्रेमचंद अपने साथी दिनेश के साथ बाइक से आया। वह मंदिर की दीवार चढ़कर छत पर पहुंचा। उसने संगीता को खींचने की कोशिश की। जब हमने विरोध किया तो हमें पीटा। फिर प्रेमचंद ने संगीता के गले को दबाया और आखिर में उसे गोली मार दी।
जांच में जुटी पुलिस
परिवार के लोग गोली की आवाज सुनकर छत पर पहुंचे। संगीता को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता नवरंग सिंह ने प्रेमचंद और दिनेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। बिलग्राम के सीओ रवि प्रकाश ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।