हरदोई में तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, शादी से लौटते वक्त तीन युवकों की गई जान,
उन्नाव के थे सभी युवक
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh Accident: हरदोई जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अतरौली थाना क्षेत्र में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों युवक शादी समारोह से वीडियोग्राफी कर वापस लौट रहे थे। वे एक ही बाइक पर सवार थे। तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। बता दें कि तीनों ही युवक उन्नाव जिले के रहने वाले थे। घटना के बाद से उनके गांवों में मातम पसरा है।
शादी से लौट रहे युवकों को वाहन ने मारी टक्कर
उन्नाव के रहने वाले नितिन, वैभव और प्रवीण वीडियोग्राफी का काम करते थे। वे गुरुवार को हरदोई के बहेरिया मजरा गौरीकला में एक शादी में गए हुए थे। शादी समारोह खत्म होने के बाद देर रात वे उन्नाव लौटने लगे। शुक्रवार सुबह करीब 3:10 बजे तीनों अतरौली चौराहे पर पहुंचे। तभी भटपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बस यात्रियों ने पुलिस को दी हादसे की जानकारी
सुबह दिल्ली जाने वाली बस का इंतजार कर रहे लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। अतरौली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तहरीर मिलने पर दर्ज की जाएगी FIR
वहीं पुलिस को नितिन के पास से 90 हजार रुपये, एक मोबाइल और टैबलेट मिला है। पुलिस अब अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
परिजनों का रो-रो कर हुआ बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रवीण के पिता विद्यासागर ने कहा मेरे तीन बेटों की जोड़ी टूट गई। एक बेटा शिक्षक है, दूसरा दुबई में है और अब यह चला गया। गांव में इस हादसे को लेकर शोक की लहर फैल गई है।