शादी की खुशियों पर दहेज़ का ग्रहण, दुल्हनों ने ठुकराई शादी,
मचा बवाल
9 days ago
Written By: State Desk
लखनऊ: हाथरस से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां दहेज में कार की मांग के बाद दुल्हन बनी दो सगी बहनों ने मंडप को ठुकरा दिया। एक तरफ जहां शादी की खुशियां अपने चरम पर थीं, वहीं दूसरी तरफ दहेज लोभियों की लालच ने दो परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। सोमवार रात दो सगे भाइयों की शादी दो सगी बहनों से एक ही मंडप में होनी थी। लेकिन, ऐन मौके पर वर पक्ष ने दहेज में कार की मांग कर दी। जिसके बाद आक्रोशित दुल्हनों ने शादी से मना कर दिया। इस दौरान बवाल बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और मामला थाने भी पहुंचा।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, हाथरस के समदपुर गांव के रहने वाले सुनील खेती-बाड़ी करते हैं तथा उनकी दो बेटियां शिवानी (23) और भारती (25) हैं, जिन्होंने ग्रेजुएशन किया है। दोनों की शादी ताजपुर गांव के दो भाइयों मोहित (25) और नरायण (27) से तय हुई थी। दोनों युवक भी किसान हैं। 14 अप्रैल की शाम 7 बजे धूमधाम से बारात आई। बैंड-बाजे और डीजे के साथ नाचते-गाते बारातियों का स्वागत किया गया। चाय-नाश्ते के बाद द्वार-पूजा की तैयारी शुरू हो गई। तभी दूल्हों के पिता ने लड़की के पिता से दहेज में कार की मांग कर दी।
दहेज की डिमांड पर भड़का विवाद, मारपीट
शिवानी और भारती के पिता सुनील ने कहा कि वह पहले ही शादी में दहेज के रूप में 6 लाख रुपए कैश और सारा सामान दे चुके हैं। कार देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की के भाई मौसम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। अफरा-तफरी के बीच 7 साल की छोटी बहन भी घायल हो गई।
दुल्हनों ने शादी से किया इनकार, थाने पहुंचीं
घटना की जानकारी होते ही दोनों दुल्हनें शिवानी और भारती शादी के जोड़े में ही थाने पहुंच गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हे के भाइयों ने उनके पिता और भाइयों के साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया। छोटी बहन के हाथ में भी गंभीर चोट आई है। दुल्हन शिवानी ने बताया, “मेरे पापा दहेज में सारा सामान और कैश पहले ही दे चुके थे। बारात आने के बाद अचानक कार की मांग की गई। जब पापा ने मना किया, तो मारपीट की गई। अब हम उन लोगों से शादी नहीं करना चाहते।”
पुलिस ने कराया समझौता, मामला दर्ज नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया है। अभी तक किसी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।