पहलगाम हमले के बाद एक्शन में योगी सरकार,यूपी में 1800 पाक नागरिकों की जांच शुरू
वीजा रद्द होने के बाद कार्रवाई तेज
2 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News : केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए भारत में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं। अब ये सभी लोग अपने देश वापस लौटेंगे। उत्तर प्रदेश में ऐसे करीब 1800 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं जो अलग-अलग वीजा पर आए थे। यह निर्णय हाल ही में हुए पहलगाम हमले के बाद लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन नागरिकों में वे लोग शामिल नहीं हैं जिन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत नागरिकता के लिए आवेदन किया है। सरकार के इस फैसले के बाद राज्य पुलिस को सभी पाक नागरिकों की जानकारी इकट्ठा करने का निर्देश दिया गया है।
उत्तर प्रदेश में पाक नागरिकों पर बढ़ी सख्ती
उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि अभी तक केंद्र सरकार से कोई औपचारिक आदेश नहीं आया है। हालांकि, सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। फिलहाल कुछ पाकिस्तानी नागरिक खुद ही भारत छोड़कर जा रहे हैं। लेकिन जो लोग तय समय में नहीं जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। इनमें बरेली में 35, रामपुर में 30, बुलंदशहर में 18 और वाराणसी में 10 पाक नागरिकों की जानकारी सामने आई है।
बिना वीजा भारत में रह रहे हैं पाक नागरिक
अधिकारियों ने बताया कि कुछ पाक नागरिकों की स्थानीय मुस्लिम परिवारों से निकटता है। कुछ लोग वीजा खत्म होने के बाद छिप जाते हैं या अपनी पहचान बदल लेते हैं। कई लोग नेपाल के रास्ते बिना वीजा भारत में प्रवेश करते हैं। वे अवैध रूप से भारत में रह रहे हैं। सरकार की नजर अब ऐसे लोगों पर सख्त हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि कई घुसपैठिए भारतीय दस्तावेज बनवा लेते हैं, जिससे उन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है। बता दें कि अब पुलिस और एजेंसियां मिलकर इन सभी मामलों पर कड़ी नजर रख रही हैं और कार्रवाई शुरू कर दी गई है।