इंडिगो की कैंसिल उड़ानों से यात्रियों का फूटा गुस्सा, कहीं नहीं मिले जवाब…
लखनऊ एयरपोर्ट पर मचा बवाल
6 days ago Written By: संदीप शुक्ला
Uttar Pradesh News: गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर उस समय हंगामे के हालात बन गए जब इंडिगो एयरलाइन की कई उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं। सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि यात्रियों को उड़ान रद्द होने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। यात्रियों ने बताया कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन वहां जाकर उन्हें पता चला कि उड़ानें संचालन में नहीं हैं। इससे लोगों को घंटों टर्मिनल पर ही इंतजार करना पड़ा और कई यात्रियों ने एयरलाइन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कई लोग अपने जरूरी कामों और कनेक्टिंग फ्लाइट्स के छूटने से बेहद परेशान दिखाई दिए।
जम्मू में उड़ानों में देरी, यात्रियों में अनिश्चितता बढ़ी इंडिगो की उड़ान समस्या केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रही। जम्मू एयरपोर्ट पर भी दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में चार घंटे से ज्यादा की देरी की जानकारी दी गई। यात्रियों ने कहा कि उन्हें यह नहीं बताया गया कि उड़ान आखिर जाएगी भी या नहीं। एक यात्री ने बताया कि 10:30 बजे निर्धारित उड़ान को बदलकर 15:30 बजे कर दिया गया, लेकिन देरी का कारण साफ नहीं बताया गया। यात्रियों में एयरलाइन की ओर से स्पष्ट जानकारी न मिलने के कारण भारी नाराजगी देखी गई।
चेन्नई में भी यात्री परेशान, लगातार कैंसिल हो रही उड़ानें चेन्नई एयरपोर्ट पर भी स्थिति बिगड़ती दिखी। यात्रियों ने बताया कि कई फ्लाइट्स बिना सूचना अचानक रद्द कर दी गईं। एक यात्री ने शिकायत करते हुए कहा कि उनकी मुंबई से कोलकाता की डायरेक्ट फ्लाइट पहले ही रद्द हो गई थी, फिर उन्हें चेन्नई होकर भेजा गया, लेकिन यहां पहुंचने पर वह फ्लाइट भी कैंसल हो गई। इसके बाद पोर्ट ब्लेयर से कोलकाता वाली उड़ान भी रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गईं।
देशभर में फंसे यात्री, सरकार से हस्तक्षेप की मांग लगातार उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन के कारण देशभर में सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सरकार से एयरलाइन व्यवस्था में हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि इंडिगो की ओर से न तो समय पर जानकारी दी जा रही है और न ही वैकल्पिक व्यवस्था बताई जा रही है। इससे यात्रियों के कीमती समय और पैसे दोनों का नुकसान हो रहा है।
पुणे में भी बिगड़ा सिस्टम, यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट पर भी इंडिगो की उड़ानों में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। यात्री सतीश काले ने बताया कि उनकी फ्लाइट सुबह 7 बजे की थी, लेकिन न तो देरी का कोई मैसेज आया और न ही उड़ान रद्द होने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि पूरा एयरपोर्ट यात्रियों से भरा पड़ा है और लोगों को पहले से सूचना मिलनी चाहिए थी ताकि वे अपनी योजना में बदलाव कर पाते।