मेरठ के विक्टोरिया पार्क में रामकथा से पहले फूटा बयान बम,
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने यूपी को बताया मिनी पाकिस्तान
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मेरठ के विक्टोरिया पार्क में गुरुवार को आयोजित रामकथा की शुरुआत से पहले जगद्गुरु श्रीरामभद्राचार्य का संबोधन विवादों में आ गया है। चरण पादुका पूजन के बाद दिए गए भाषण में उन्होंने कहा कि आज हिंदुओं पर संकट है और अपने ही देश में हिंदू धर्म को न्याय नहीं मिल पा रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने उत्तर प्रदेश को मिनी पाकिस्तान तक कह दिया। इसके साथ ही उन्होंने हर घर में हिंदू धर्म की पाठशाला शुरू करने और माता-पिता से बच्चों को धार्मिक शिक्षा देने का आह्वान किया।
हिंदुओं पर संकट और सजग रहने की अपील जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि हिंदू धर्म वसुधैव कुटुम्बकम के आदर्श पर चलता है और किसी से बैर नहीं रखता। लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी कि अब हिंदू किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं। अपने संबोधन में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि लोग इसे याद रखें। उन्होंने हिंदुओं से तटस्थ रहने के बजाय सक्रिय होकर संगठित होने और सजग रहने का संदेश दिया।
तीन बालकों की बात और विवाद अपने भाषण में उन्होंने यह भी कहा कि बिना अपराध के हिंदुओं को मारा जा रहा है और ऐसे लोगों को समाप्त कर देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विवादित सामाजिक सुझाव देते हुए कहा कि हर हिंदू परिवार में कम से कम तीन बच्चे होने चाहिए। उनके इस बयान ने सामाजिक और राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
अकबर-बीरबल की कथा का जिक्र जगद्गुरु ने अपने संबोधन को समझाने के लिए अकबर और बीरबल से जुड़ी एक ऐतिहासिक घटना भी सुनाई। उन्होंने बताया कि किस तरह बीरबल ने अकबर के पुत्र का प्रतीकात्मक पुतला नदी में डालकर समझाया कि देवता विपदा के समय पीछे नहीं हटते। इस कथा के माध्यम से उन्होंने पिता की जिम्मेदारी और धर्म की रक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
पहले भी बयानों पर हुआ था विवाद यह पहली बार नहीं है जब उनके बयान पर विवाद हुआ हो। कुछ दिन पहले उन्होंने वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज पर टिप्पणी कर दी थी और उनके संस्कृत ज्ञान को लेकर सवाल उठाए थे। उस बयान के बाद मथुरा समेत देशभर में राजनीति गरमा गई थी और सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब आलोचना हुई थी। बाद में उन्होंने सफाई दी थी। अब एक बार फिर मेरठ में दिया गया उनका बयान सुर्खियों में है और राजनीति का माहौल गरमा गया है।