जालौन में पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, कांग्रेस के पूर्व विधायक और पोते अब भी फरार,
जानें क्या है मामला
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में स्कूल कर्मी जितेंद्र अहिरवार की हत्या मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने इस केस में दो नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम प्रारंभिक एफआईआर में दर्ज नहीं थे। जांच में सामने आया कि दोनों की हत्या में अहम भूमिका थी। वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक राम प्रसाद अहिरवार और उनके पोते राजा अब भी फरार चल रहे हैं। पुलिस की दबिश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला है। इस घटना ने इलाके में तनाव और आक्रोश दोनों को और बढ़ा दिया है।
कार में मिला था लहूलुहान शव
9 अगस्त को कोतवाली क्षेत्र के घमूरी गांव निवासी 45 वर्षीय स्कूल कर्मी जितेंद्र अहिरवार का लहूलुहान शव एक कार में मिला था। कार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के बाहर छोड़ दिया गया था। जब यह खबर फैली तो मृतक के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और पूर्व विधायकों पर हत्या का आरोप लगाया। जितेंद्र के बेटे नितिन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें कांग्रेस के पूर्व विधायक राम प्रसाद अहिरवार, उनके बेटे व बसपा के पूर्व विधायक अजय सिंह उर्फ पंकज, उनके बेटे अमन उर्फ मिक्की, पोते राजा, अमित और एक अज्ञात शख्स का नाम शामिल था।
पुलिस की अब तक की कार्रवाई
इस मामले में 14 अगस्त को पुलिस ने पूर्व बसपा विधायक अजय सिंह और उनके बेटे अमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो और आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार हुए आरोपियों में जवाहर नगर निवासी सलीम अहमद और गांधी नगर निवासी गोविंद शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये दोनों अजय सिंह के बेटे मिक्की के साथ मिलकर जितेंद्र की पिटाई में शामिल थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी जितेंद्र के शरीर पर पांच गंभीर चोटें पाई गईं, जिनकी वजह से उनकी मौत हुई।
फरार नेताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी
अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप वर्मा ने जानकारी दी कि पूर्व कांग्रेस विधायक राम प्रसाद अहिरवार, उनका पोता राजा और आरोपी अमित अब भी फरार हैं। पुलिस ने उनके घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। अधिकारियों ने दावा किया है कि फरार आरोपियों की तलाश और तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।