जम्मू-कश्मीर लैंडस्लाइड: वैष्णो देवी दर्शन से लौट रहा था परिवार,
11 महीने की एंजल समेत 3 की लैंडस्लाइड में मौत
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: जम्मू-कश्मीर के अर्धकुंवारी इलाके में आए लैंडस्लाइड के हादसे ने पूरे देश को गहरे दुख में डाल दिया है। इस त्रासदी में तीस से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल और लापता हैं। इन्हीं मृतकों में उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के कुम्हार पाड़ा मोहल्ले का एक ही परिवार भी शामिल है, जिसमें 50 वर्षीय महिला, 11 साल की बच्ची और 11 माह की शिशु की जान चली गई। इस हादसे ने पूरे आगरा को शोक में डुबो दिया है। परिवार अपनी नन्ही बच्ची का मुंडन कराने के लिए वैष्णो देवी गया था, लेकिन वापसी के दौरान लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया।
हादसे में तीन की मौत, एक सदस्य लापता
मृतकों में 50 वर्षीय सुनीता, 11 वर्षीय भावना और 11 माह की एंजल शामिल हैं। वहीं 55 वर्षीय अर्जुन सिंह अभी लापता हैं, जिनकी तलाश बचाव दल कर रहा है। परिवार के अन्य दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए आगरा भेजा गया है। परिवार के कुल नौ सदस्य इस यात्रा पर गए थे और उन्होंने वैष्णो देवी में पूजा-पाठ और मुंडन संस्कार पूरा किया था।
आगरा में मचा कोहराम
जैसे ही घटना की खबर आगरा पहुंची, पीड़ित परिवार के घर मातम पसर गया। कुम्हार पाड़ा मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। मृतकों की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि 24 अगस्त को पूरा परिवार इस यात्रा पर निकला था और उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि इस धार्मिक यात्रा का अंत इतना दर्दनाक होगा।
30 से अधिक लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार, अचानक हुई तेज बारिश के कारण पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया और मलबे में कई लोग दब गए। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक तीस से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन लगातार कर रहा है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।