झांसी में युवक को महिला ने पीटा, मुंह पर कालिख पोतकर घुमाया पूरा गांव,
2 घंटे तक चली पिटाई, पिता मांगता रहा माफ़ी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। एक महिला ने युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इसके बाद गांव वालों ने युवक को सरेआम पीटा। पहले उसे मुर्गा बनाया गया फिर चप्पलों से मारा गया। महिला ने युवक के मुंह पर कालिख पोती और गांव में घुमाया। बता दें कि करिब 2 घंटों तक युवक को पीटा गया। युवक का पिता बार-बार माफ़ी मांगता रहा पर किसी ने नहीं सुना। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
महिला ने छेड़छाड़ का लगाया आरोप गांव वालों ने दी सजा
यह घटना झांसी के महाराजगंज ढेरी गांव की है। गांव की एक महिला ने आरोप लगाया कि युवक विपिन सविता ने मंदिर जाते वक्त उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला की शिकायत पर गांव के कुछ लोगों ने खुद ही इंसाफ देने की ठानी और उन्होंने विपिन को पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया।
चप्पलों से मारा, मुंह पर पोती कालिख
वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला खुद युवक के चेहरे पर कालिख पोत रही है। उसके बाद वह चप्पलों से युवक को मारती है। आसपास खड़े लोग महिला को उकसा रहे हैं। युवक डर और शर्म से कांप रहा है।
बेटे को बचाने के लिए पिता मांगता रहा माफ़ी
युवक का पिता महेश सविता अपने बेटे को छुड़ाने आया। वह आरोपियों के पैरों में गिरा और माफ़ी मांगी। लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं मानी। लोग बारी-बारी से विपिन को पीटते रहे। वहीं युवक को पूरे गांव में मुर्गा बनाकर घुमाया गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
युवक के पिता ने थाने में शिकायत दी। उन्होंने कहा कि यह सब उनके परिवार को बदनाम करने की साजिश है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मोंठ सीओ देवेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश अभी जारी है।